जिस बेटे को पाला, उसी पर मां की मौत का आरोप! सीतापुर में रिश्ते हुए शर्मसार
सीतापुर के इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र में शराब को लेकर हुए विवाद के बाद 65 वर्षीय महिला की मौत के मामले में उनके बेटे पर हत्या का आरोप है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर जिले के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। बेनियापुर गांव में एक 65 वर्षीय महिला की मौत के मामले में उनके बेटे पर हत्या का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद के दौरान यह घटना सामने आई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
शराब को लेकर विवाद के बाद हुई घटना
पुलिस के मुताबिक, बेनियापुर गांव निवासी सावित्री देवी (65) ने अपने बेटे त्रिभुवन (45) को कथित तौर पर शराब पीने से मना किया था। आरोप है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद आरोपी ने डंडे से हमला कर दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही महोली क्षेत्राधिकारी नागेंद्र चौबे, इमलिया सुल्तानपुर थाना प्रभारी आशीष तिवारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दुर्गेश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: कानपुर में पुलिस पर हमला! समझाने गई टीम पर टूट पड़ी भीड़, वाहन में तोड़फोड़



