पहली ही बारिश में धंस गया करोड़ों का रामजानकी मार्ग, निर्माण गुणवत्ता पर उठे बड़े सवाल

गोरखपुर में पहली तेज बारिश के बाद करोड़ों की लागत से बन रहे रामजानकी मार्ग का हिस्सा धंस गया। स्थानीय लोगों ने निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए तकनीकी जांच और ठेकेदार व जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में करोड़ों रुपये की लागत से बन रहे रामजानकी मार्ग की निर्माण गुणवत्ता एक बार फिर चर्चा में है। रविवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद गोला नगर के पश्चिम चौराहे के पास गोला-उरुवा मार्ग पर सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जबकि स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

तीन फुट सड़क धंसी, टला बड़ा हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नाथे बैट्री की दुकान के सामने सड़क का करीब तीन फुट लंबा और तीन फुट चौड़ा हिस्सा धंसकर गड्ढे में बदल गया। संयोगवश घटना के समय वहां से कोई भारी वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की।

पहले भी विवादों में रही है रामजानकी मार्ग परियोजना

रामजानकी मार्ग का निर्माण शुरू होने के बाद से ही यह परियोजना कई कारणों से चर्चा में रही है। निर्माण कार्य में देरी, सड़क पूरी तरह तैयार होने से पहले डिवाइडर का निर्माण और अधूरे मार्ग पर हुए सड़क हादसों के बाद अब पहली ही तेज बारिश में सड़क धंसने की घटना ने निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

जांच और कार्रवाई की मांग तेज

स्थानीय निवासी नाथे, समशुल आलम, आशीष जायसवाल, आलोक पांडेय, विनय पांडेय और रामसजीवन मिश्र समेत कई लोगों ने पूरे निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में गुणवत्ता में कमी या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित ठेकेदार, निर्माण एजेंसी और निगरानी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: ‘जौहर विवि पर कार्रवाई बदले की भावना से’, सपा ने भाजपा सरकार पर साधा बड़ा निशाना

Related Articles

Back to top button