जनहित के मुद्दों पर मोहन सरकार को घेरेंगे : उमंग सिंघार

- विधानसभा सत्र से पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक में बनी रणनीति
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र से पहले कांग्रेस ने सरकार को घेरने की पूरी तैयारी कर ली है। रविवार को भोपाल में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक दल की अहम बैठक हुई। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल पूरी तैयारी और एकजुटता के साथ विधानसभा में पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल राजनीतिक आरोप नहीं लगाएगा, बल्कि हर मुद्दे पर तथ्य और प्रमाण रखकर सरकार से जवाब मांगेगा।
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, किसानों की परेशानियां, महिलाओं की सुरक्षा, भर्ती में अनियमितताएं, भ्रष्टाचार और आदिवासी-दलितों के अधिकार जैसे मुद्दे लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे में सरकार को सदन में इन सभी सवालों का जवाब देना ही होगा। बैठक में तय किया गया कि विधानसभा सत्र के दौरान सरकार को किसानों, युवाओं, महिलाओं, आदिवासियों, दलितों, भ्रष्टाचार और कथित जमीन घोटाले समेत जनहित के सभी बड़े मुद्दों पर लगातार घेरा जाएगा। कांग्रेस ने दावा किया कि विपक्ष इस बार केवल आरोप नहीं लगाएगा, बल्कि तथ्यों और दस्तावेजों के साथ सरकार से जवाब मांगेगा।



