60 से ज्यादा CNG सिलिंडरों से भरा ट्रक पलटा, गैस रिसाव से मचा हड़कंप
बरेली के संजय नगर चौराहे पर 60 से अधिक CNG सिलिंडरों से लदा ट्रक पलटने के बाद गैस रिसाव शुरू हो गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। मामले की जांच जारी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली के संजय नगर चौराहे पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 60 से अधिक सीएनजी सिलिंडरों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद कई सिलिंडरों से गैस का रिसाव शुरू हो गया। पास में पेट्रोल पंप होने के कारण स्थिति बेहद संवेदनशील हो गई, लेकिन पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
गैस रिसाव के बाद सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक पलटते ही तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। कई सिलिंडरों के वाल्व दब जाने से गैस रिसाव शुरू हो गया। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने तत्काल क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कराई, आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा और संजय नगर चौराहे पर यातायात कुछ समय के लिए रोक दिया। मौके पर दो दमकल वाहनों की तैनाती भी की गई।
स्थानीय लोगों ने चालक की बचाई जान
हादसे के बाद ट्रक चालक केबिन में फंस गया। मौके पर मौजूद ऑटो चालकों और स्थानीय लोगों ने शीशा तोड़कर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार के नेतृत्व में क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा कर गैस रिसाव पर काबू पाया गया।
शुरुआती जांच में सड़क की खराब स्थिति बनी वजह
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क को माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार ट्रक हल्द्वानी से खाली सीएनजी सिलिंडर लेकर लौट रहा था। हालांकि सिलिंडर खाली थे, लेकिन उनमें मौजूद दबाव के कारण गैस रिसाव हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट -सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: पहली ही बारिश में तालाब बना भटहट-बैलों मार्ग, बैलों चौराहे पर दो फीट जलभराव से लोग परेशान



