शिक्षा के प्रहरी पारसनाथ राय को श्रद्धांजलि, लोगों ने याद किए समाज सेवा के कार्य

सर्वोदय शिक्षा समिति के संस्थापक प्रबंधक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. पारसनाथ राय की 36वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई। लोगों ने शिक्षा और समाज सेवा में उनके योगदान को याद कर नमन किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सर्वोदय शिक्षा समिति के संस्थापक प्रबंधक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं आनरेरी मजिस्ट्रेट स्व. पारसनाथ राय को उनकी 36वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धापूर्वक याद किया गया। सोमवार को सर्वोदय किसान इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में शिक्षकों, कर्मचारियों और गणमान्य लोगों ने उन्हें नमन किया।

प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में स्थापित स्व. पारसनाथ राय की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। सर्वोदय शिक्षा समिति के मंत्री/प्रबंधक सीताराम राय, प्रबंध समिति सदस्य नरेंद्र देव राय और राम बचन राय सहित अन्य लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन व्यक्त किए। इस अवसर पर शिक्षक नेता एवं धुरियापार चीनी मिल सहकारी समिति के उपसभापति गुलाब रध्वज उर्फ महंथ सिंह, सर्वोदय किसान पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर.के. राय, सर्वोदय किसान इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अरविंद कुमार सिंह और डॉ. विमलेश सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।

शिक्षा के प्रसार में योगदान को किया याद

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्व. पारसनाथ राय के व्यक्तित्व और कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनके प्रयास और समाज सेवा के प्रति समर्पण आज भी लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनके द्वारा स्थापित संस्थानों के माध्यम से शिक्षा का प्रसार लगातार जारी है।

शिक्षकों और गणमान्य लोगों ने किया नमन

कार्यक्रम में सर्वोदय शिक्षा समिति से जुड़े विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षक, कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने स्व. पारसनाथ राय के आदर्शों और उनके शिक्षा संबंधी विजन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: बारिश के बावजूद पुलिस कार्यालय पहुंचे फरियादी, SSP डॉ. कौस्तुभ ने सुनीं शिकायतें

Related Articles

Back to top button