पहले क्वालीफाइड, फिर घटे नंबर! NEET रिजल्ट को लेकर कानपुर की छात्रा ने उठाए सवाल

कानपुर की NEET छात्रा आर्या सिंह ने रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। छात्रा का दावा है कि अंक 609 से घटकर 167 हो गए। NTA और शिक्षा मंत्री से शिकायत कर जांच की मांग की गई है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: नीट यूजी रिजल्ट को लेकर कानपुर की एक छात्रा ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। कानपुर निवासी छात्रा आर्या सिंह ने आरोप लगाया है कि उनका रिजल्ट वेबसाइट पर कई बार बदलता दिखाई दिया। छात्रा के मुताबिक पहले उन्हें 609 अंक मिले और वह क्वालीफाइड दिखीं, लेकिन बाद में अंक घटकर 540 और फिर अगले दिन सिर्फ 167 अंक रह गए।

छात्रा ने NTA और शिक्षा मंत्री को भेजी शिकायत

आर्या सिंह का कहना है कि रिजल्ट में बदलाव को लेकर उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी, लेकिन अभी तक उन्हें कोई जवाब नहीं मिला है। छात्रा और उनके परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। छात्रा के पिता राकेश सिंह का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से मेहनत करने वाले छात्रों के भविष्य पर असर पड़ सकता है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग उठाई है।

OMR और परीक्षा रिकॉर्ड में गड़बड़ी का दावा

आर्या सिंह ने रिजल्ट में कथित गड़बड़ी को लेकर तीन प्रमुख बिंदु बताए हैं। उनके अनुसार:

  • प्रश्नों के सीरियल नंबर में गड़बड़ी दिखाई दी।
  • हस्ताक्षर के समय को लेकर भी अंतर नजर आया।
  • OMR शीट पर सीरीज नंबर बदला हुआ होने का आरोप है।

छात्रा का कहना है कि इन सभी बिंदुओं की जांच होनी चाहिए ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

NTA के आधिकारिक बयान का इंतजार

फिलहाल इस मामले में NTA की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। छात्रा द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। अब सभी की नजरें इस मामले में होने वाली जांच और एजेंसी के जवाब पर टिकी हैं।

रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर

यह भी पढ़ें: इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर परिजनों का बवाल, रहनुमा हॉस्पिटल पहुंची पुलिस

Related Articles

Back to top button