सरयू नदी का बदला रुख, लिंक एक्सप्रेसवे के पास पहुंची धारा; सुरक्षा कार्य तेज

गोरखपुर में सरयू नदी की धारा फिर लिंक एक्सप्रेसवे की ओर बढ़ने लगी है। खनन को इसकी एक वजह माना जा रहा है। सेतु निगम ने शीट पाइलिंग और जियो ट्यूब के जरिए सुरक्षा कार्य तेज कर दिए हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः गोरखपुर में सरयू नदी का बदलता रुख एक बार फिर प्रशासन और सेतु निगम के लिए चुनौती बन गया है। कम्हरियाघाट के पास नदी की धारा, पूर्व में मोड़े जाने के बावजूद, लिंक एक्सप्रेसवे की ओर बढ़ने लगी है। बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए विभाग ने सुरक्षा उपायों में तेजी ला दी है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल एक्सप्रेसवे सुरक्षित है, लेकिन एहतियात के तौर पर लगातार निगरानी और बचाव कार्य जारी हैं।

खनन को माना जा रहा धारा बदलने का कारण

सेतु निगम के अधिकारियों के अनुसार, सरयू नदी में हुए खनन से उसकी प्राकृतिक धारा प्रभावित हुई है। इसी वजह से नदी का बहाव दोबारा एक्सप्रेसवे की दिशा में बढ़ा है। नदी के दबाव को कम करने के लिए कई स्थानों पर जियो ट्यूब लगाए गए हैं और लोहे की शीट पाइलिंग का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।

दो साल पहले मोड़ी गई थी नदी की धारा

करीब दो वर्ष पहले सरयू की धारा सीधे लिंक एक्सप्रेसवे से टकराने के कारण सर्विस रोड पर कटान हुआ था। इसके बाद सेतु निगम ने इंजीनियरिंग उपायों के जरिए नदी का रुख बदला था। अधिकारियों ने पहले भी प्रशासन से खनन पर रोक लगाने की मांग की थी, ताकि धारा परिवर्तन का उद्देश्य प्रभावित न हो।

दिन-रात जारी है बचाव कार्य

सेतु निगम के महाप्रबंधक मिथिलेश कुमार ने बताया कि बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सभी सुरक्षा उपाय तेजी से किए जा रहे हैं। विभाग का दावा है कि फिलहाल लिंक एक्सप्रेसवे को कोई तत्काल खतरा नहीं है। वहीं, स्टोर मुंशी शिवकुमार के अनुसार अधिकांश सुरक्षा कार्य पूरे हो चुके हैं और शेष शीट पाइलिंग का काम लगातार जारी है।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: बरेली में AI से छात्राओं की अश्लील तस्वीरें बनाकर Instagram पर वायरल, आरोपी छात्र पर केस दर्ज

Related Articles

Back to top button