बारिश के बीच सिद्धपीठ बाबा बम्बनाथ मंदिर पर गिरी आकाशीय बिजली, बड़ा हादसा टला
गोरखपुर के कौड़ीराम स्थित सिद्धपीठ बाबा बम्बनाथ मंदिर पर आकाशीय बिजली गिरने से गुंबद क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से मंदिर की जल्द मरम्मत की मांग की है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः लगातार बारिश के बीच गोरखपुर के कौड़ीराम क्षेत्र स्थित सिद्धपीठ बाबा बम्बनाथ मंदिर, पाण्डेपार पर रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि करीब दो बजे आकाशीय बिजली गिरने से मंदिर का गुंबद क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में गुंबद में दरार पड़ गई और ऊपरी हिस्से का कुछ भाग टूट गया। राहत की बात यह रही कि उस समय मंदिर परिसर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
तेज धमाके से दहशत में आए ग्रामीण
स्थानीय लोगों के अनुसार, बिजली गिरने के समय जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। कई ग्रामीण घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ लोगों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि उन्हें कुछ समय तक घबराहट और चक्कर जैसा महसूस हुआ। हालांकि रात के अंधेरे में नुकसान का सही अंदाजा नहीं लग सका।
सुबह श्रद्धालुओं ने देखा क्षतिग्रस्त गुंबद
मंगलवार सुबह जब ग्रामीण और श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो गुंबद में दरार और ऊपरी हिस्से की क्षति देखकर सभी हैरान रह गए। सूचना फैलते ही मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
प्रशासन से मरम्मत की मांग
लगातार हो रही बारिश के बीच इस घटना ने श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मंदिर की क्षति का तकनीकी आकलन कराने और जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले इस मंदिर की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: सरयू नदी का बदला रुख, लिंक एक्सप्रेसवे के पास पहुंची धारा; सुरक्षा कार्य तेज



