सरयू रजवाहा ओवरफ्लो, गजपुर-गगहा मार्ग पर बहा पानी; फसलें प्रभावित, प्रशासन अलर्ट
गोरखपुर में लगातार बारिश के बीच सरयू रजवाहा ओवरफ्लो हो गई। गगहा-गजपुर मार्ग पर पानी बहने से आवागमन प्रभावित हुआ, जबकि सीएचसी बासुडीहा और धान की फसलों पर भी खतरा बढ़ गया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः लगातार हो रही बारिश के कारण गोरखपुर क्षेत्र में सरयू रजवाहा नहर उफान पर पहुंच गई है। सोमवार को नहर का पानी ओवरफ्लो होकर गगहा-गजपुर मुख्य मार्ग पर सीएचसी बासुडीहा के पास सड़क के ऊपर से बहने लगा। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है।
सीएचसी की बाउंड्रीवाल पर बढ़ा पानी का दबाव
नहर का जलस्तर बढ़ने से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बासुडीहा की बाउंड्रीवाल पर भी पानी का दबाव बढ़ गया है। वहीं गगहा-गजपुर मार्ग से जुड़े ऊंचेर-भांटपार संपर्क मार्ग पर भी पानी भर जाने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। स्थानीय लोगों में संभावित नुकसान को लेकर चिंता बनी हुई है।
धान की फसलें जलमग्न, किसानों की बढ़ी चिंता
लगातार बारिश और जलभराव के कारण क्षेत्र की दर्जनों एकड़ धान की फसल पानी में डूब गई है। किसानों ने नहर विभाग से जलस्तर की लगातार निगरानी और पानी की निकासी के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि आगे किसी बड़े नुकसान से बचा जा सके।
एसडीएम बोले, जल्द शुरू होंगे बचाव कार्य
उपजिलाधिकारी बांसगांव मलखान सिंह ने बताया कि नहर विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) से बातचीत की गई है। उन्होंने कहा कि स्थिति को देखते हुए जल्द ही आवश्यक बचाव कार्य और अन्य तकनीकी उपाय शुरू कराए जाएंगे, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: IRCTC का धमाकेदार टूर पैकेज! सिर्फ 8 दिनों में घूमिए मैसूर, ऊटी और कूर्ग



