IRCTC का धमाकेदार टूर पैकेज! सिर्फ 8 दिनों में घूमिए मैसूर, ऊटी और कूर्ग
आईआरसीटीसी ने लखनऊ से मैसूर, ऊटी और कूर्ग के लिए 7 रात 8 दिन का नया एयर टूर पैकेज लॉन्च किया है। पैकेज में फ्लाइट, होटल, भोजन और स्थानीय भ्रमण शामिल है। बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः दक्षिण भारत की प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक स्थलों का आनंद लेने के इच्छुक यात्रियों के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने नया एयर टूर पैकेज लॉन्च किया है। लखनऊ क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से शुरू किए गए “मैजेस्टिक साउथर्न – मैसूर से कोयंबटूर” पैकेज के तहत पर्यटक 19 अगस्त से 26 अगस्त 2026 तक 7 रात और 8 दिन की यात्रा कर सकेंगे।
फ्लाइट, होटल और भोजन सहित मिलेगी सुविधा
आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा के अनुसार, पैकेज में लखनऊ से बेंगलुरु और कोयंबटूर से लखनऊ तक हवाई यात्रा शामिल है। यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था तीन सितारा होटलों में होगी। इसके अलावा स्थानीय परिवहन और भोजन की सुविधा भी पैकेज का हिस्सा रहेगी, जिससे यात्रियों को एक सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलेगा।
इन प्रमुख पर्यटन स्थलों का मिलेगा भ्रमण
यात्रा के दौरान पर्यटक श्रीरंगपट्टनम मंदिर, मैसूर पैलेस, वृंदावन गार्डन, चामुंडी मंदिर, कूर्ग का स्वर्ण मंदिर, दुबारे हाथी शिविर, भागमंडला मंदिर, अब्बे फॉल्स, ओंकारेश्वर स्वामी मंदिर, देवदार के जंगल, ऊटी बोटैनिकल गार्डन, ऊटी झील, रोज गार्डन, चाय संग्रहालय, डोड्डाबेट्टा चोटी और कोयंबटूर स्थित आदियोगी शिव प्रतिमा सहित कई प्रसिद्ध स्थलों का भ्रमण करेंगे।
पैकेज शुल्क और बुकिंग
एकल यात्री के लिए शुल्क 73,000 रुपये, दो लोगों के साथ ठहरने पर 53,000 रुपये प्रति व्यक्ति और तीन लोगों के साथ ठहरने पर 49,800 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। बच्चों के लिए अलग शुल्क तय किया गया है। बुकिंग ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर की जाएगी।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: पहली बारिश में धंसी सड़क पर हरकत में आया विभाग, एक्सईएन ने बताई वजह



