आईसीसी ने किया जून के सर्वश्रेष्ठ खिलाडिय़ों का एलान

- पुरुष वर्ग में नाथन स्मिथ और महिला वर्ग में डैनी व्यॉट-हॉज सम्मानित
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। आईसीसी ने जून 2026 के लिए प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड्स की घोषणा कर दी है। पुरुष वर्ग में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज नाथन स्मिथ और महिला वर्ग में इंग्लैंड की सलामी बल्लेबाज डैनी व्यॉट-हॉज को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया है। 27 वर्षीय नाथन स्मिथ ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीत में न्यूजीलैंड के लिए नई गेंद से जिम्मेदारी संभाली और पूरी सीरीज में 23 की औसत से 16 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने इस पुरस्कार की दौड़ में भारत के कप्तान शुभमन गिल और बांग्लादेश के ऑलराउंडर मोसादेक हुसैन को पीछे छोड़ा।
अवार्ड मिलने पर स्मिथ ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए बेहद खास है, लेकिन उनकी प्राथमिकता हमेशा टीम की जीत में योगदान देना रही है। उन्होंने कहा कि चोटों के कारण उन्हें नई गेंद से गेंदबाजी की अतिरिक्त जिम्मेदारी निभानी पड़ी और वह इस चुनौती पर खरा उतरने से संतुष्ट हैं। महिला वर्ग में इंग्लैंड की स्टार बल्लेबाज डैनी व्यॉट-हॉज ने आईसीसी महिला टी20 विश्वकप में रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी के दम पर यह पुरस्कार अपने नाम किया। उन्होंने स्कॉटलैंड की कप्तान कैथरीन ब्राइस और भारत की बाएं हाथ की स्पिनर एन श्री चरणी को पछाडक़र यह सम्मान हासिल किया। डैनी व्यॉट-हॉज ने कहा कि घरेलू सरजमीं पर विश्व कप के दौरान यह सम्मान मिलना उनके लिए बेहद गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि भले ही इंग्लैंड खिताब जीतने से चूक गया, लेकिन टीम ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
श्रीलंका से टेस्ट सीरीज से पहले भारत खेलेगा चार दिवसीय वार्म-अप मैच
कोलंबो। भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कोलंबो में सात से 10 अगस्त तक चार दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी। टीम के चार अगस्त को कोलंबो पहुंचने की संभावना है। यह अभ्यास मैच खिलाडिय़ों को श्रीलंका की पिचों और मौसम के अनुरूप खुद को तैयार करने का अच्छा अवसर देगा, जिससे मुख्य टेस्ट सीरीज में टीम बेहतर प्रदर्शन कर सकेगी। अभ्यास मैच के बाद भारतीय टीम गॉल रवाना होगी, जहां दोनों देशों के बीच पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक गाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा और अंतिम टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक सिन्हलीज स्पोर्ट्स क्लब (एसएससी), कोलंबो में आयोजित होगा। दोनों मुकाबले स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे से शुरू होंगे।



