BJP नेता की चोरी हुई स्कॉर्पियो का खुलासा, पुलिस ने पकड़ा अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह
गोरखपुर में बीजेपी नेता की चोरी हुई स्कॉर्पियो मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार चोरी के वाहनों की नंबर प्लेट बदलकर बिहार में शराब तस्करी के लिए इस्तेमाल किया जाता था।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर पुलिस ने शाहपुर क्षेत्र से चोरी हुई बीजेपी नेता की स्कॉर्पियो मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। शाहपुर पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी की स्कॉर्पियो, घटना में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट कार और वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपित चोरी के वाहनों की नंबर प्लेट बदलकर उनका इस्तेमाल बिहार में शराब तस्करी के लिए करते थे।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना से मिली सफलता
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई को शाहपुर थाना क्षेत्र से स्कॉर्पियो चोरी होने के बाद मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दिलीप कुमार चौहान, मुन्ना हासनी और दीपक यादव को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपितों ने वाहन चोरी और नंबर प्लेट बदलने की बात स्वीकार की।
बिहार में शराब तस्करी के लिए बदलते थे नंबर प्लेट
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि चोरी के वाहनों की पहचान छिपाने के लिए उनकी नंबर प्लेट बदल दी जाती थी। इसके बाद इन वाहनों का उपयोग बिहार में कथित रूप से शराब तस्करी के लिए किया जाता था। पुलिस ने चोरी की स्कॉर्पियो के अलावा घटना में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट कार और कई औजार भी बरामद किए हैं।
मुख्य आरोपित पर पहले से 19 मुकदमे दर्ज
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित दिलीप कुमार चौहान पर वाहन चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और जालसाजी समेत विभिन्न जिलों में करीब 19 मुकदमे दर्ज हैं। अन्य दो आरोपितों के खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: सिक्सलेन फ्लाईओवर से साइंस म्यूजियम तक, गोरखपुर को 995 करोड़ की बड़ी सौगात



