24 घंटे के सत्याग्रह के बाद हाजी हसन रूमी का बड़ा कदम, राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन

कानपुर कैंट के विधायक हाजी मोहम्मद हसन रूमी ने 24 घंटे के सत्याग्रह के बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें नीट पेपर लीक, जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन और जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मुद्दों पर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर कैंट से समाजवादी पार्टी के विधायक हाजी मोहम्मद हसन रूमी ने 24 घंटे के सत्याग्रह के समापन के बाद महामहिम राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नीट पेपर लीक, दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मुद्दों पर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई।

नीट पेपर लीक पर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

विधायक हसन रूमी ने कहा कि नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य और उनकी वर्षों की मेहनत पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की मांग की।

उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर छात्रों के हितों की रक्षा के उद्देश्य से सत्याग्रह आयोजित किया गया। ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग भी की गई।

जंतर-मंतर और जौहर विश्वविद्यालय का भी उठाया मुद्दा

ज्ञापन में दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार की रक्षा करने की बात कही गई।

इसके अलावा रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय पर बुलडोजर कार्रवाई के आदेश को वापस लेने तथा किसी भी प्रशासनिक कार्रवाई में विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने की मांग भी शामिल रही।

सत्याग्रह में बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल

हसन रूमी ने कहा कि 24 घंटे के सत्याग्रह में छात्र, युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। उनके अनुसार, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर

यह भी पढ़ें: कांवड़ यात्रा से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन, धर्मगुरुओं और DJ संचालकों को दिए सख्त निर्देश

Related Articles

Back to top button