कांवड़ यात्रा से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन, धर्मगुरुओं और DJ संचालकों को दिए सख्त निर्देश
बदायूं के सहसवान में कांवड़ यात्रा और श्रावण मास को लेकर पुलिस-प्रशासन ने धर्मगुरुओं व डीजे संचालकों के साथ बैठक की। सुरक्षा, सोशल मीडिया और डीजे संचालन को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बदायूं पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सहसवान थाना क्षेत्र में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. ह्रदेश कठेरिया की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों और डीजे संचालकों ने भाग लिया।
भाईचारा बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील
बैठक के दौरान एएसपी ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया ने सभी से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। प्रशासन ने लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की भी अपील की।
डीजे और कांवड़ यात्रा के लिए जारी किए गए दिशा-निर्देश
पुलिस ने कांवड़ श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग और तय समय का पालन करने का अनुरोध किया। साथ ही डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार ही करने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा न करने की भी चेतावनी दी गई।
कांवड़ रूट का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
बैठक के बाद एएसपी ग्रामीण ने थाना मुजरिया क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इस दौरान क्षेत्राधिकारी सहसवान अशोक कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक सहसवान, प्रभारी निरीक्षक मुजरिया सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट -संतुलित पाठक (बदायूं)
यह भी पढ़ें: बांदा में करंट से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, मैरिज हॉल में मचा हड़कंप



