सावन के हर सोमवार स्कूल बंद करने की मांग, बरेली में DM को सौंपा गया ज्ञापन

बरेली में यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) ने सावन के प्रत्येक सोमवार को स्कूलों में अवकाश घोषित करने की मांग की है। कांवड़ यात्रा, ट्रैफिक जाम और शिक्षकों की परेशानी को लेकर DM को ज्ञापन सौंपा गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और लंबे ट्रैफिक जाम को देखते हुए यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) ने बरेली में प्रत्येक सोमवार विद्यालयों में अवकाश घोषित करने की मांग उठाई है। संगठन का कहना है कि मौजूदा यातायात व्यवस्था के कारण शिक्षकों और छात्रों दोनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

DM को सौंपा ज्ञापन, जाम की समस्या बताई प्रमुख वजह

यूटा के जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि सावन के दौरान बड़ी संख्या में कांवड़िए कछला से जल लेकर विभिन्न शिवालयों की ओर जाते हैं। इसके चलते बरेली-बदायूं मार्ग पर भारी ट्रैफिक दबाव रहता है।

निर्माणाधीन सड़क से बढ़ रही परेशानी

संगठन के अनुसार, बरेली-बदायूं मार्ग पर निर्माण कार्य चलने के कारण यातायात वन-वे किया गया है। शनिवार से ही कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने लगती है और रात से लंबे जाम की स्थिति बन जाती है। खासकर आलमपुर, रामनगर और मझगवां ब्लॉक में शिक्षकों का समय पर विद्यालय पहुंचना चुनौती बन जाता है।

बदायूं की तर्ज पर अवकाश घोषित करने की मांग

यूटा के जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र पाल सिंह ने कहा कि बदायूं में सावन के दौरान शनिवार और सोमवार का सार्वजनिक अवकाश पहले से घोषित है। उन्होंने मांग की कि जनहित, शिक्षक हित और छात्रों की सुविधा को देखते हुए बरेली में भी सावन के प्रत्येक सोमवार को विद्यालयों में अवकाश घोषित किया जाए। फिलहाल इस मांग पर जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक निर्णय सामने नहीं आया है।

रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: तेज रफ्तार पिकअप का कहर! स्कूल बस के परिचालक को मारी टक्कर, चालक फरार

Related Articles

Back to top button