बदायूं: गंगा एक्सप्रेस-वे पर कैंटर लूट का 12 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
बदायूं के गंगा एक्सप्रेस-वे पर कैंटर लूट की वारदात का पुलिस ने 12 घंटे में खुलासा किया। रामपुर पुलिस की मदद से दो आरोपी गिरफ्तार किए गए और लूटा गया कैंटर बरामद कर लिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गंगा एक्सप्रेस-वे पर कैंटर चालक और हेल्पर से मारपीट कर वाहन लूटने की वारदात का बदायूं पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने रामपुर पुलिस के सहयोग से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया कैंटर भी बरामद कर लिया है। मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
बोलेरो सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह थाना मूसाझाग क्षेत्र के ग्राम मैरी मजर के पास गंगा एक्सप्रेस-वे पर बिहार की ओर से आ रहे कैंटर को बोलेरो सवार तीन-चार लोगों ने रुकवा लिया। आरोप है कि बदमाशों ने चालक और हेल्पर के साथ मारपीट की, उनके मोबाइल फोन छीन लिए और कैंटर लेकर फरार हो गए। दोनों को जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
पीड़ित चालक जराफत, निवासी बाबूगढ़ (हापुड़), की तहरीर पर थाना मूसाझाग में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
रामपुर से दो आरोपी गिरफ्तार, कैंटर बरामद
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने रामपुर की थाना गंज पुलिस के सहयोग से हसीन पुत्र अनीस कुरैशी निवासी भोट (रामपुर) और हारून पुत्र इस्तयाक निवासी बकेवर (इटावा) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटा गया कैंटर संख्या UP37BT3121 भी बरामद कर लिया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में वारदात में अन्य लोगों की कथित संलिप्तता की जानकारी भी मिली है। उनकी तलाश और भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी हसीन के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट – संतुलित पाठक (बदायूं)
यह भी पढ़ें: सीतापुर में फर्जी प्रमाणपत्र पर बड़ा एक्शन! 7 शिक्षकों की नौकरी गई, FIR के आदेश



