युवाओं की एकजुटता व आंदोलन के कारण टूटी पीएम की चुप्पी : जूली

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों एवं युवाओं की एकजुट ताकत के चलते प्रधानमंत्री को अपनी चुप्पी तोडऩी पड़ी है। उन्होंने कहा कि केंद्र के कमजोर कानूनों के कारण ही राष्ट्रीय परीक्षाओं में धांधली करने वाले माफिया बेखौफ घूम रहे हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि देश का युवा पिछले एक महीने से सडक़ों पर आंदोलनरत है।
प्रश्न पत्र लीक की घटनाओं को हुए महीनों बीत चुके हैं लेकिन केंद्र सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री जी को इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोडऩी पड़ी है, लेकिन यह भाजपा सरकार की कोई मेहरबानी नहीं, बल्कि पीडि़त छात्रों और युवाओं की एकजुट ताकत तथा उनके ऐतिहासिक आंदोलन का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया, केंद्र द्वारा बनाए गए कमजोर और लचर कानूनों के कारण ही आज नीट जैसी राष्ट्रीय परीक्षाओं में धांधली करने वाले माफिया बेखौफ घूम रहे हैं। वहीं आंदोलन के समर्थन में सवाई माधोपुर जिले के बौंली कस्बे में सोमवार देर शाम छात्र न्याय कैंडल मार्च निकाला गया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं बामनवास विधायक इंदिरा मीणा तथा जिला सचिव सिराज खान के नेतृत्व में आयोजित इस कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।कैंडल मार्च पुलिस थाना बौंली से शुरू होकर कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए नगर पालिका स्थित अंबेडकर सर्किल पहुंचा। मार्च में शामिल लोग हाथों में तिरंगा और जलती हुई मोमबत्तियां लेकर नीट पेपर लीक के दोषियों को सजा दो, छात्रों पर अत्याचार बंद करो और मासूमों की मौतों का हिसाब दो जैसे नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान नीट पेपर लीक प्रकरण से जुड़े आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले विद्यार्थियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित किए गए तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।



