गोरखपुर में चल रहा था अवैध हुक्का बार, पुलिस पहुंची तो भागे युवक-युवतियां
गोरखपुर स्थानीय पुलिस ने अवैध रूप से संचालित किए जा रहे एक हुक्का बार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए संचालक को गिरफ्तार कर लिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर स्थानीय पुलिस ने अवैध रूप से संचालित किए जा रहे एक हुक्का बार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए संचालक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने पटनाघाट रोड स्थित एक क्लब में छापेमारी कर मौके से तीन चालू हुक्के, फ्लेवरयुक्त तंबाकू समेत बड़ी मात्रा में हुक्का बार में इस्तेमाल होने वाला सामान और नकदी बरामद की है। पुलिस ने बरामद सभी सामान को कब्जे में लेकर सील कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, बड़हलगंज थाना क्षेत्र में बिना लाइसेंस हुक्का बार संचालित किए जाने की सूचना मुखबिर के माध्यम से मिली थी। सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक जितेंद्र मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पटनाघाट रोड स्थित क्लब में पहुंचकर अचानक छापेमारी की। पुलिस की कार्रवाई से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचते ही कई युवक-युवतियां मौके से निकलकर भाग गए। पुलिस टीम ने मौके से एक कर्मचारी को पकड़ लिया। पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम आर्यन साहनी पुत्र निवासी बुढ़न पुरा, थाना बड़हलगंज बताया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी हुक्का बार संचालन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका।
छापेमारी में यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मौके से तीन चालू हुक्के, 23 पैकेट फ्लेवरयुक्त तंबाकू, एक बॉक्स क्यूब कोयला, 55 डिस्पोजेबल हुक्का माउथ टिप्स, एक कोल बर्नर और 1,440 रुपये नकद बरामद किए। बरामद सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि हुक्का बार में आने वाले ग्राहकों से प्रति हुक्का 400 से 500 रुपये तक वसूले जाते थे। इसके बदले उन्हें फ्लेवरयुक्त तंबाकू परोसी जाती थी।
आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
थाना प्रभारी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 271 और 223 तथा सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा), 2003 की धारा 21 और 22 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। अवैध गतिविधियों के खिलाफ क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध हुक्का बार संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर



