चलते ऑटो में पलभर में गायब हुआ मंगलसूत्र, गोरखपुर पुलिस ने घंटों में खोला पूरा राज

गोरखपुर के कैम्पियरगंज में चलते ऑटो में महिला यात्री का मंगलसूत्र चोरी करने वाली बिहार की दो महिलाओं को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। चोरी का मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  गोरखपुर के कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र में चलते ऑटो में महिला यात्री का मंगलसूत्र चोरी करने का मामला सामने आया है। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में दो महिलाओं को गिरफ्तार कर चोरी किया गया मंगलसूत्र बरामद कर लिया। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक परिवहन में सक्रिय ऐसे गिरोहों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

चलते ऑटो में दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार, सोमवार को पीड़िता अपनी देवरानी के साथ ऑटो से यात्रा कर रही थी। इसी दौरान ऑटो में पहले से बैठी दो महिलाओं ने बड़ी सफाई से उसके पर्स से मंगलसूत्र निकाल लिया। कुछ देर बाद जब पीड़िता ने अपना सामान देखा तो मंगलसूत्र गायब था। इसके बाद उसने तत्काल कैम्पियरगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने घंटों में दबोचा, मंगलसूत्र भी बरामद

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन में पुलिस टीम सक्रिय हुई। जांच और तलाश के दौरान दोनों संदिग्ध महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद उनके कब्जे से चोरी किया गया मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान मोनिका देवी और सजंती के रूप में हुई है, जो बिहार के बक्सर जिले की रहने वाली हैं। दोनों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह

पुलिस अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि सार्वजनिक वाहनों में सफर के दौरान पर्स, मोबाइल, आभूषण और अन्य कीमती सामान सुरक्षित रखें। भीड़भाड़ वाले वाहनों में सक्रिय ऐसे गिरोह अक्सर यात्रियों का ध्यान भटकाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रही हैं या नहीं।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: 154 शिव मंदिर, 14 घाट और 75 KM कांवड़ मार्ग… गोरखपुर पुलिस ने बनाया खास सुरक्षा प्लान

Related Articles

Back to top button