चार्जिंग पर लगी ई-स्कूटी बनी आग का कारण? 50 लाख का गारमेंट्स गोदाम जलकर राख
बाँदा में कल्पना गारमेंट्स के गोदाम में भीषण आग लगने से करीब 50 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। चार्जिंग पर लगी ई-स्कूटी से शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि जांच जारी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बाँदा शहर में मंगलवार सुबह एक भीषण अग्निकांड ने व्यापारियों को झकझोर कर रख दिया। कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित महेश्वरी देवी मंदिर के पास कल्पना गारमेंट्स के गोदाम में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में लपटों ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये का कपड़ा, रेडीमेड परिधान और अन्य सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में करीब 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
चार दमकलों की मदद से आग पर पाया गया काबू
सुबह करीब 9:20 बजे फायर विभाग को सूचना मिली। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मतबूल हुसैन के निर्देशन में दमकल की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआत में दो फायर टेंडर लगाए गए, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए दो और दमकल वाहन बुलाने पड़े। पुलिस, फायर कर्मियों और स्थानीय व्यापारियों के संयुक्त प्रयास से लगभग 20 से 25 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया।
महिलाओं और बच्चों का सुरक्षित रेस्क्यू, जनहानि टली
गोदाम के ऊपर बने रिहायशी हिस्से में महिलाएं और बच्चे मौजूद थे। आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई, लेकिन फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते राहत कार्य पूरा होने से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
ई-स्कूटी से शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच के बाद होगा खुलासा
स्थानीय लोगों का कहना है कि चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी से शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग भड़की होगी। हालांकि मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। फिलहाल फायर विभाग नुकसान का आकलन करने के साथ घटना की विस्तृत जांच में जुटा है। वहीं पुलिस ने व्यापारियों से गोदामों में अग्निशमन उपकरण रखने और विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।
रिपोर्ट – इक़बाल खान, बांदा
यह भी पढ़ें: रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद का चुनाव संपन्न, बिना मुकाबले चुनी गई नई टीम



