कांवड़ यात्रा 2026 से पहले बड़ा एक्शन प्लान, ADG रमित शर्मा ने अधिकारियों को किया अलर्ट
कांवड़ यात्रा-2026 और उर्स-ए-रिज़वी से पहले ADG रमित शर्मा ने बरेली जोन के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। सुरक्षा, ट्रैफिक, सोशल मीडिया निगरानी और संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता के निर्देश दिए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कांवड़ यात्रा-2026 और 6, 7 व 8 अगस्त को आयोजित होने वाले उर्स-ए-रिज़वी को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए बरेली जोन पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) रमित शर्मा ने रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर विशेष फोकस
बैठक में बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर और रामपुर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। ADG ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों, शिविरों, प्रमुख पड़ावों और संवेदनशील स्थानों का पहले से निरीक्षण किया जाए। यातायात डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था और ट्रैफिक प्लान समय रहते लागू किए जाएं, जबकि भीड़भाड़ वाले इलाकों और धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं के साथ सुरक्षा पर भी जोर
ADG ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कांवड़ियों के लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं उर्स के मद्देनजर दरगाह क्षेत्र, प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और आपातकालीन व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी के निर्देश
बैठक में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को भी प्राथमिकता दी गई। ADG रमित शर्मा ने अफवाह या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही आयोजकों, सेवा समितियों, धर्मगुरुओं और शांति समिति के साथ समन्वय बनाए रखने तथा सीमावर्ती जिलों से लगातार सूचना साझा करने पर भी बल दिया, ताकि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित रहे।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: चार्जिंग पर लगी ई-स्कूटी बनी आग का कारण? 50 लाख का गारमेंट्स गोदाम जलकर राख



