सीतापुर में डीएम का औचक निरीक्षण, बंद मिला VHSND सत्र, ANM का वेतन रोका
सीतापुर के सहावपुर पंचायत भवन में VHSND सत्र बंद मिलने पर डीएम डॉ. राजागणपति आर. ने सख्त कार्रवाई की। ANM का वेतन रोका, आशा कार्यकर्त्री को नोटिस जारी किया और नैमिषारण्य में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः सीतापुर के गोंदलामऊ ब्लॉक स्थित सहावपुर पंचायत भवन में आयोजित होने वाला वीएचएसएनडी (Village Health Sanitation and Nutrition Day) सत्र बंद मिलने पर जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने सख्त रुख अपनाया। औचक निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। डीएम की इस कार्रवाई से विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
ANM का वेतन रोका, आशा कार्यकर्त्री को नोटिस
निरीक्षण के दौरान निर्धारित स्थान पर वीएचएसएनडी सत्र संचालित नहीं मिला। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित एएनएम का 15 दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही आशा कार्यकर्त्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री का वेतन अगले आदेश तक रोकने का आदेश दिया।
पंचमुखी प्लाजा निर्माण का भी किया निरीक्षण
सहावपुर पंचायत भवन के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी नैमिषारण्य पहुंचे, जहां उन्होंने मां ललिता देवी मंदिर के निकट निर्माणाधीन पंचमुखी प्लाजा का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता से कोई समझौता न करने, निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री का उपयोग करने और कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
विकास कार्यों में लापरवाही पर सख्त चेतावनी
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास परियोजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: सीतापुर में चोरों का आतंक बरकरार, घर में सेंध लगाकर नकदी और कीमती सामान चोरी



