जिला अस्पताल से लापता 10 साल की बच्ची की हत्या, हिरासत में सिपाही ने कबूला जुर्म
गोरखपुर जिला अस्पताल से लापता 10 वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले में डायल-112 के एक सिपाही ने पूछताछ में जुर्म कबूल किया। पुलिस हत्या की वजह, शव की बरामदगी और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: जिला अस्पताल से रहस्यमय ढंग से लापता हुई 10 वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। अपनी बड़ी बहन के लिए खाना लेकर अस्पताल पहुंची मासूम घर वापस नहीं लौटी। पुलिस जांच के दौरान हिरासत में लिए गए डायल-112 में तैनात एक सिपाही ने पूछताछ में हत्या करने की बात स्वीकार की है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
बहन को खाना देने अस्पताल आई थी बच्ची
पुलिस के मुताबिक, आजमगढ़ के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गोपालगंज गांव का एक परिवार पिछले चार वर्षों से गोरखपुर में रहकर ई-रिक्शा चलाकर जीवनयापन कर रहा है। 27 जुलाई को परिवार की बड़ी बेटी की तबीयत खराब होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार रात करीब 8:30 बजे 10 वर्षीय बच्ची अपनी बहन के लिए खाना लेकर अस्पताल पहुंची। रात करीब 9 बजे वह घर लौटने के लिए निकली, लेकिन देर रात तक नहीं पहुंची, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
बच्ची का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में बच्ची एक बाइक सवार व्यक्ति के साथ जाती हुई दिखाई दी। इसी आधार पर पुलिस ने डायल-112 में तैनात एक सिपाही को हिरासत में लिया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हुई पूछताछ में उसने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
हत्या की वजह और अन्य पहलुओं की जांच जारी
पुलिस अब हत्या के कारण, वारदात की परिस्थितियों और शव की बरामदगी सहित पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में उपलब्ध सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है, जबकि स्थानीय लोगों में भी आक्रोश और शोक का माहौल है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: लखनऊ-कानपुर एलिवेटेड एक्सप्रेसवे पर फिर खुली पोल? सड़क धंसने के बाद मचा हड़कंप



