सीतापुर में ऑनर या गुस्से का खौफनाक अंजाम? बहन की हत्या के बाद फरार भाई
सीतापुर के रामपुर मथुरा क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी की कथित तौर पर उसके भाई ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार मामला पड़ोसी के घर फोन करने को लेकर हुए विवाद से जुड़ा है। आरोपी की तलाश जारी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के बजेहरा गांव में 17 वर्षीय किशोरी की उसके ही भाई ने कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, घटना की वजह बहन का पड़ोसी के घर फोन करने जाना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
पड़ोसी के घर जाने के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह सुमरती अपने घर से निकलकर पड़ोसी के घर फोन करने गई थी। आरोप है कि इसकी जानकारी मिलने पर उसका भाई कोमल नाराज हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसने बहन को घर के बाहर बुलाया और विवाद के दौरान उसके साथ मारपीट की।
धारदार हथियार से हमला, मौके पर मौत
आरोप है कि आरोपी बहन को घसीटते हुए घर के बाहर ले गया और धारदार हथियार से कई वार कर दिए। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही रामपुर मथुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी मुकेश वर्मा ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: सावन मेले की शुरुआत, लेकिन बदहाल विंध्याचल धाम! श्रद्धालुओं ने उठाए बड़े सवाल



