कांवड़ यात्रा 2026 से पहले बदायूं प्रशासन अलर्ट, कछला गंगा घाट पर सुरक्षा और सुविधाओं का लिया जायजा

बदायूं में कांवड़ यात्रा 2026 की तैयारियों के तहत डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने कछला गंगा घाट व यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। सुरक्षा, सीसीटीवी, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: श्रावण मास और कांवड़ यात्रा 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बदायूं जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कछला गंगा घाट एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।

‘जीरो इंसिडेंट, जीरो एक्सीडेंट’ लक्ष्य के साथ तैयारियां तेज

प्रशासन ने इस वर्ष कांवड़ यात्रा को ‘जीरो इंसिडेंट, जीरो एक्सीडेंट’ के लक्ष्य के साथ आयोजित कराने पर विशेष जोर दिया है। निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने कछला गंगा घाट पर नौकायन कर घाट क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

सीसीटीवी, मेडिकल सुविधा और पुलिस तैनाती पर विशेष फोकस

निरीक्षण के दौरान कांवड़ यात्रा मार्ग पर सड़क, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, अस्थायी शौचालय, चिकित्सा सहायता केंद्र, एम्बुलेंस, पार्किंग, विश्राम स्थल और विद्युत आपूर्ति की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। साथ ही सीसीटीवी कैमरों और यातायात प्रबंधन की तैयारियों को भी परखा गया। एसएसपी अंकिता शर्मा ने संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों और कछला गंगा घाट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने तथा ड्यूटी पर मौजूद कर्मियों को पूरी सतर्कता और श्रद्धालुओं की सहायता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

रिपोर्ट- संतुलित पाठक (बदायूं)

यह भी पढ़ें: बाँदा में शराब के नशे में पुलिसकर्मी का हंगामा, पड़ोसियों से विवाद का वीडियो वायरल

Related Articles

Back to top button