बाँदा में शराब के नशे में पुलिसकर्मी का हंगामा, पड़ोसियों से विवाद का वीडियो वायरल
बाँदा में ट्रैफिक पुलिस के एक सिपाही का शराब के नशे में हंगामा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बाँदा में ट्रैफिक पुलिस के एक सिपाही का शराब के नशे में हंगामा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
वायरल वीडियो में सिपाही पड़ोसियों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करता दिखाई दे रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सिपाही को लाइनहाजिर कर विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
बाँदा शहर में ट्रैफिक व्यवस्था संभालने वाले एक सिपाही का कथित तौर पर शराब के नशे में हंगामा करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि वाहन खड़ा करने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते गाली-गलौज और कहासुनी में बदल गया। वीडियो में सिपाही पड़ोसियों से उलझता और दबंगई करता दिखाई दे रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सिपाही शराब के नशे में था और विवाद के दौरान उसने आसपास के लोगों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में पहुंच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने तत्काल प्रभाव से संबंधित सिपाही को लाइनहाजिर कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो कोतवाली नगर क्षेत्र का है। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट -इकबाल खान, बांदा



