गोरखपुर में माइक्रो फाइनेंस कंपनी में लाखों का गबन! किश्त की रकम लेकर कर्मचारी फरार
गोरखपुर के बड़हलगंज में माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी पर 1.35 लाख रुपये की किश्त की रकम गबन करने का आरोप लगा है। कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी और गबन सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी पर ऋण सदस्यों से वसूली गई किश्तों की 1.35 लाख रुपये से अधिक की रकम कंपनी के खाते में जमा न कर गबन करने का आरोप लगा है। कंपनी की शिकायत पर बड़हलगंज थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, गबन और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऑडिट में सामने आई वित्तीय अनियमितता
कंपनी के डिवीजनल रीजनल मैनेजर युधिष्ठिर यादव के अनुसार, आरोपी प्रीतेश कुमार सिंह 25 जून 2024 से बड़हलगंज शाखा में एक्जीक्यूटिव डेवलपमेंट ऑफिसर (ईडीओ) के पद पर कार्यरत था। उसकी जिम्मेदारी लगभग 350 ऋण सदस्यों से मासिक किश्तें वसूलकर कंपनी के खाते में जमा कराना थी। आरोप है कि 22 सितंबर 2025 को वह बिना सूचना शाखा छोड़कर चला गया। इसके बाद कराए गए आंतरिक ऑडिट में वित्तीय गड़बड़ी सामने आने पर विशेष जांच टीम गठित की गई।
27 सदस्यों से वसूली रकम जमा नहीं करने का आरोप
जांच में कंपनी का दावा है कि आरोपी ने 27 ऋण सदस्यों से कुल 1,35,587 रुपये की किश्त वसूल की, लेकिन यह रकम कंपनी के खाते में जमा नहीं कराई। कंपनी ने बताया कि आरोपी और उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद लेनदेन के रिकॉर्ड के साथ पुलिस में तहरीर दी गई। बड़हलगंज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 352 समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: बांदा में हाईटेंशन लाइन पर बवाल! दलित बस्ती के ऊपर से लाइन ले जाने का आरोप, डीएम से शिकायत



