गोरखपुर में दिल दहला देने वाला हादसा! घर के बाहर खेल रही मासूम को ट्रक ने कुचला

गोरखपुर के बेलीपार क्षेत्र में घर के बाहर खेल रही दो वर्षीय बच्ची की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर कार्रवाई, आर्थिक सहायता और भारी वाहनों पर रोक की मांग की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के बेलीपार थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया। घर के बाहर खेल रही दो वर्षीय बच्ची ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाना पड़ा।

खेलते समय ट्रक की चपेट में आई मासूम

जानकारी के अनुसार, चंदा घाट से बालू खाली कर लौट रहा एक ट्रक मलाव चौराहे के पास गांव से गुजर रहा था। इसी दौरान घर के बाहर खेल रही दो वर्षीय सृष्टि अचानक ट्रक की चपेट में आ गई। ट्रक का पहिया उसके ऊपर से गुजरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

ग्रामीणों ने सड़क जाम कर रखीं चार प्रमुख मांगें

घटना से नाराज ग्रामीणों ने कसिहार–मलाव मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषी चालक पर कड़ी कार्रवाई, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, गांव में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक और जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग की। सूचना मिलते ही बेलीपार और बांसगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

प्रशासन ने दिया आश्वासन, जांच जारी

कुछ देर बाद उपजिलाधिकारी मलखान सिंह और क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि गांव में भारी वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करने के लिए बैरियर लगाए जाएंगे तथा नियमानुसार अन्य मांगों पर भी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि देर शाम तक ग्रामीण जाम हटाने को तैयार नहीं हुए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: बांदा मेडिकल कॉलेज पर कांग्रेस का बड़ा हमला, मरीजों के शोषण के गंभीर आरोप

Related Articles

Back to top button