एक्सप्रेसवे की मरम्मत में पंखे का इस्तेमाल, अखिलेश बोले- ये बीजेपी की नई हवा है

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस की बदहाली पर अखिलेश ने भाजपा पर निशाना साधा है. सपा चीफ ने कहा कि भाजपा राज में हुआ हर निर्माण चलता कम, धंसता ज्यादा है. मरम्मत पंखे से सुखाई जा रही है. यह हास्यास्पद है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस की बदहाली पर अखिलेश ने भाजपा पर निशाना साधा है. सपा चीफ ने कहा कि भाजपा राज में हुआ हर निर्माण चलता कम, धंसता ज्यादा है. मरम्मत पंखे से सुखाई जा रही है. यह हास्यास्पद है.

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नवनिर्मित लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस की बदहाली और मरम्मत के तरीकों को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए तंज कसते हुए कहा कि 2-3 हफ्ते में ही जिस एक्सप्रेसवे का दम उखड़ने लगा है, उस पर चलने का जोखिम कौन उठाएगा?

अखिलेश ने मरम्मत को सुखाने के लिए ‘पंखे’ के इस्तेमाल किए जाने को हास्यास्पद बताया और तंज कसते हुए कहा कि ये है भाजपाई तरक्की की नई हवाकुछ दिनों पहले ही जिसका उद्घाटन हुआ हो, उस सड़क को मरम्मत की जरूरत पड़ गई. अखिलेश ने आगे कहा कि सवाल ये भी है कि ‘अटल प्रोग्रेस वे’ योजना में ही रहेगा या कभी बनेगा भी… या कागजों में बनकर उसका ‘हिस्सा-बांट’ हो चुका है. भाजपा राज में हुआ हर निर्माण चलता कम है, धंसता, ढहता, गिरता ज्यादा है

4700 करोड़ का एक्सप्रेसवे और मरम्मत के लिए ‘पंखा’
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे को बनाने में कुल 4700 करोड़ रुपये खर्च हुए और इसकी मरम्मत के लिए ‘पंखा’ का इस्तेमाल किया गया है. अखिलेश ने इसी को लेकर बीजेपी सरकार पर तंज कसा है. हाल ही में इसका उद्घाटन किया गया था. यह एक्सप्रेसवे दो सबसे बड़े शहरों, लखनऊ और कानपुर को आपस में जोड़ती है. लखनऊ और कानपुर के बीच की दूरी लगभग 63 किलोमीटर है.

2 से 3 घंटे का सफर अब 35 से 45 मिनट में
दरअसल, पहले इस सफर को तय करने में 2 से 3 घंटे का समय लगता था, लेकिन अब इस एक्सप्रेसवे की मदद से यह दूरी मात्र 35 से 45 मिनट में पूरी हो जाती है. इस एक्सप्रेसवे पर कारों के लिए अधिकतम स्पीड 120 किमी/घंटा और भारी वाहनों (जैसे बस या ट्रक) के लिए 80 से 100 किमी/घंटा तय की गई है. 63 किलोमीटर के सफर में लगभग 13 से 18 किमी का हिस्सा एलिवेटेड है.

Related Articles

Back to top button