गोरखपुर में बड़ी टैक्स रेड! विश्वनाथ कोल्ड स्टोरेज पर एसआईबी का छापा, देर रात तक खंगाले रिकॉर्ड
गोरखपुर के विश्वनाथ कोल्ड स्टोरेज में जीएसटी चोरी के संदेह पर एसआईबी की 12 सदस्यीय टीम ने छापा मारा। ई-वे बिल, परिवहन दस्तावेज और कारोबार से जुड़े रिकॉर्ड की देर रात तक जांच की गई। जांच अभी जारी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के पिपराइच रोड स्थित विश्वनाथ कोल्ड स्टोरेज में बुधवार को राज्यकर विभाग की विशेष जांच शाखा (एसआईबी) ने जीएसटी चोरी के संदेह में छापेमारी की। 12 सदस्यीय टीम ने मूंगफली के कारोबार से जुड़े दस्तावेज, ई-वे बिल और परिवहन रिकॉर्ड की देर रात तक जांच की। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई टैक्स चोरी के इनपुट के आधार पर की गई है। फिलहाल जांच जारी है और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
टैक्स चोरी के इनपुट पर पहुंची एसआईबी टीम
बुधवार शाम करीब चार बजे एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-2 (एसआईबी) संजय कुमार और सहायक कमिश्नर उदित नारायण के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम विश्वनाथ कोल्ड स्टोरेज पहुंची। टीम ने परिसर में मौजूद मूंगफली के भंडारण, परिवहन और कारोबार से संबंधित अभिलेख अपने कब्जे में लेकर उनकी जांच शुरू की। अचानक हुई कार्रवाई से परिसर में हलचल मच गई।
ई-वे बिल और परिवहन रिकॉर्ड का किया गया मिलान
सूत्रों के अनुसार, राज्यकर विभाग को मूंगफली के कारोबार में लाखों रुपये की संभावित जीएसटी चोरी की सूचना मिली थी। इसी आधार पर ई-वे बिल, ट्रकों की आवाजाही और अन्य व्यावसायिक दस्तावेजों का मिलान किया गया। अधिकारियों ने कर्मचारियों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी भी जुटाई।
जांच पूरी होने के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
ज्वाइंट कमिश्नर राज्यकर विभाग यू.एन. सिंह ने बताया कि फिलहाल दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि जीएसटी चोरी हुई है या नहीं। यदि अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: कानपुर में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, 25-25 हजार के दो इनामी बदमाश ढेर नहीं, लेकिन गोली लगते ही धराए



