गोरखपुर में सुबह-सुबह दर्दनाक हादसा, रोडवेज बस ने युवक को कुचला, चालक फरार

गोरखपुर के शास्त्री चौक पर तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच और चालक की तलाश में जुटी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर शहर के व्यस्त शास्त्री चौक पर गुरुवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात युवक की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार रोडवेज बस ने युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुबह 5:30 बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे युवक शास्त्री चौक के पास सड़क किनारे पैदल जा रहा था। इसी दौरान गोरखपुर डिपो की एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

चालक बस लेकर मौके से फरार

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस फरार बस और चालक की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

स्थानीय लोगों ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग

हादसे के चलते कुछ समय के लिए शास्त्री चौक पर यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से चौक पर ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती, तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मृतक की शिनाख्त और तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: गोरखपुर में बड़ी टैक्स रेड! विश्वनाथ कोल्ड स्टोरेज पर एसआईबी का छापा, देर रात तक खंगाले रिकॉर्ड

Related Articles

Back to top button