गोरखपुर में अपहरण का ऐसा खेल! AI तस्वीरों से पिता को भेजा मैसेज, फिर मांगे एक लाख

गोरखपुर के सिकरीगंज में ऑनलाइन गेम खेलने के लिए बालक ने खुद के अपहरण की कहानी रची और AI तस्वीरें भेजकर पिता से एक लाख रुपये मांगे। पुलिस ने दो घंटे में उसे बरामद कर लिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के सिकरीगंज क्षेत्र में अपहरण की सूचना ने पुलिस को कुछ देर के लिए सकते में डाल दिया। परिवार से एक लाख रुपये की फिरौती मांगी गई और कथित अपहरण की तस्वीरें भी भेजी गईं। लेकिन पुलिस की तकनीकी जांच ने महज दो घंटे में पूरी कहानी का रुख बदल दिया। जांच में सामने आया कि बालक ने ऑनलाइन गेम खेलने के लिए पैसे जुटाने की खातिर खुद ही अपहरण की कहानी रची थी।

AI तस्वीरों और फिरौती की मांग से मचा हड़कंप

पुलिस के मुताबिक, एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उसका भांजा घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटा। इसी दौरान बालक के मोबाइल से उसके पिता के फोन पर कुछ तस्वीरें भेजी गईं और एक लाख रुपये की मांग की गई। मामला गंभीर होने पर सिकरीगंज पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस टीम ने मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और इलाके के CCTV फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस बालक तक पहुंच गई और करीब दो घंटे में उसे सकुशल बरामद कर लिया।

पूछताछ में खुला पूरा राज

पूछताछ के दौरान बालक ने बताया कि वह ऑनलाइन गेम खेलने का आदी है और गेम में पैसे लगाने के लिए उसे रकम चाहिए थी। इसी वजह से उसने खुद के अपहरण की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, बालक ने अपने पिता को AI से तैयार तस्वीरें भेजकर अपहरण का माहौल बनाने की कोशिश की और एक लाख रुपये की मांग की।

बरामदगी के बाद पुलिस ने बालक को नियमानुसार उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। मामले में पुलिस की तकनीकी जांच और त्वरित कार्रवाई अहम रही।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: लीबिया-जार्डन की नौकरी और मोटी सैलरी का झांसा, हाथ में थमा दिया फर्जी वीजा-टिकट

Related Articles

Back to top button