बारिश में भरभराकर गिरा कच्चा मकान, मलबे में दबे बाबा और 8 साल के पोते की मौत
उन्नाव के मसवासी गांव में बारिश के दौरान कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मलबे में दबने से 65 वर्षीय बाबा और 8 वर्षीय पोते की मौत हो गई। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: लगातार बारिश के बीच कच्चे मकान की मरम्मत परिवार के लिए आखिरी काम साबित हुई। सदर कोतवाली क्षेत्र के मसवासी गांव में सुबह करीब नौ बजे अचानक मकान का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया। मलबे में दबने से 65 वर्षीय हंसराम और उनके आठ वर्षीय पोते आयु की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई।
मरम्मत के दौरान अचानक ढह गया मकान
बताया जा रहा है कि बारिश के बीच मकान में मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक भवन का एक हिस्सा कमजोर होकर गिर पड़ा। हादसे के वक्त हंसराम और उनका आठ वर्षीय पोता आयु वहां मौजूद थे और मलबे की चपेट में आ गए।
मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत-बचाव शुरू किया।
ग्रामीणों ने मलबे से निकाला, नहीं बची जान
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। एक ही घटना में बाबा और पोते की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रशासन ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीएम सदर राजेश विश्वकर्मा ने भी मामले की जानकारी ली। उन्होंने जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
लगातार हो रही बारिश के बीच कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों की चिंता बढ़ गई है। उन्नाव की इस घटना ने एक बार फिर बारिश के दौरान कमजोर भवनों की सुरक्षा और समय रहते उनकी जांच की जरूरत को सामने ला दिया है।
रिपोर्ट – रंजन बाजपाई, उन्नाव
यह भी पढ़ें: अग्निवीर बनने का सपना और ठगों का जाल! री-मेडिकल पास कराने के नाम पर ऐसे हो रही थी ठगी



