कानपुर में गंगा बैराज के पास ट्रेनी प्लेन क्रैश, इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी की मौत; जांच शुरू

कानपुर के गंगा बैराज के पास ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया। विमान में सवार इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और ट्रेनी अभिषेक पुजारी की मौत हुई। DGCA को हादसे की जानकारी दी गई है।

कानपुर में गुरुवार को गंगा बैराज के पास एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट हादसे का शिकार हो गया। विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। विमान में सवार इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी पायलट को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना DGCA को भी दी गई है।

गर्ग एविएशन सेंटर से किया था टेक ऑफ

पुलिस के मुताबिक, ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट में इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी पायलट सवार थे। दोनों ने गर्ग एविएशन सेंटर से उड़ान भरी थी। सुबह करीब 11:50 बजे विमान गंगा बैराज के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

हादसे की जानकारी मिलते ही नवाबगंज थाना प्रभारी राज केसर और गंगा बैराज चौकी प्रभारी गौरव चौधरी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

अस्पताल में दोनों पायलट को मृत घोषित किया

अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों पायलट को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान गुजरात निवासी सचिन भाटिया और कर्नाटक निवासी अभिषेक पुजारी के रूप में हुई है। बताया गया कि सचिन भाटिया इंस्ट्रक्टर और अभिषेक पुजारी ट्रेनी पायलट थे।

हादसे की खबर सामने आते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और संबंधित टीमें दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाने में लगी हैं।

DGCA को दी गई सूचना, हादसे की जांच पर नजर

कानपुर पुलिस आयुक्त के अनुसार हादसे की जानकारी DGCA को दे दी गई है। विमान ने कहां से उड़ान भरी, दुर्घटना से पहले उसकी स्थिति क्या थी और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच के बाद ही स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल पर कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट के गंगा बैराज के पास दुर्घटनाग्रस्त होने से विमानन सुरक्षा और उड़ान के दौरान सामने आई परिस्थितियों को लेकर जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर

यह भी पढ़ें: एयर चीफ मार्शल ने छात्रों को बताया सफलता का राज, बोले- पहले अच्छा इंसान बनो

Related Articles

Back to top button