घर से घास काटने निकलीं चार किशोरियां गायब, गांव में मची अफरा-तफरी
सीतापुर के महमूदाबा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रेवान मजरा मोहम्मदीपुर से घास काटने गई चार किशोरियां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर के महमूदाबा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रेवान मजरा मोहम्मदीपुर से घास काटने गई चार किशोरियां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं।
देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर किशोरियों की तलाश शुरू कर दी है।
ग्राम रेवान मजरा मोहम्मदीपुर निवासी मेहदी पुत्र असगर के अनुसार उनकी पुत्रियां शन्नो और सीमा शुक्रवार शाम करीब चार बजे पड़ोस की राविया पुत्री शब्बीर तथा साइमा पुत्री मैनुद्दीन के साथ खेत में घास काटने गई थीं। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास के खेतों तथा रिश्तेदारी में तलाश शुरू की।
ग्रामीणों की मदद से देर रात तक खोजबीन की गई, लेकिन चारों किशोरियों का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए कोतवाली महमूदाबाद पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने बीएनएस की धारा 137 के तहत अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विनोद कुमार गिरी को सौंपी गई है। क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि किशोरियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। आसपास के क्षेत्रों में जांच-पड़ताल की जा रही है और जल्द ही उन्हें सकुशल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।



