बांदा में किसका इंतजार? घरों के ऊपर जर्जर तार, सड़कों पर गड्ढे और जलभराव से लोग परेशान

बांदा में बदहाल सड़कों, जलभराव, अतिक्रमण और जर्जर हाईटेंशन लाइनों को लेकर सद्भावना सेवा मंच ने डीएम को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। लोगों ने सुरक्षा और स्थायी समाधान की मांग की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बांदा शहर में बारिश के बाद सड़कों के गड्ढे, जलभराव और जर्जर बिजली लाइनों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। अब इन समस्याओं को लेकर सद्भावना सेवा मंच ने प्रशासन का ध्यान खींचा है। मंच ने जिलाधिकारी को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों के तत्काल समाधान की मांग की है।

घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनें

सद्भावना सेवा मंच के अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ‘राजा’ के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आबादी के बीच और घरों के ऊपर से गुजर रही जर्जर हाईटेंशन लाइनों को प्रमुखता से उठाया गया। मंच ने इन्हें सुरक्षित मार्ग से आबादी के बाहर स्थानांतरित करने की मांग की। नए आबादी वाले इलाकों में खंभे न होने और बांस-बल्ली के सहारे बिजली पहुंचाने की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए।

गड्ढों और जलभराव से लेकर अतिक्रमण तक मुद्दे

ज्ञापन में बारिश के बाद खराब हुई सड़कों की मरम्मत और जलभराव की स्थायी व्यवस्था की मांग की गई। सट्टन चौराहा-गोल कोठी रोड, अवस्थी पार्क, नगर पालिका और डीएवी कॉलेज रोड की बदहाली का भी जिक्र किया गया। गायत्री नगर चौराहा, गूलर नाका, छावनी, रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड और चौक बाजार समेत कई क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाने की मांग रखी गई।

सड़क चौड़ीकरण के बाद भी अधूरे इंतजाम

मंच ने गायत्री नगर-बबेरू रोड से कालका चौराहे तक आवश्यक डिवाइडर कट बनाने की मांग की, ताकि स्कूल और धार्मिक स्थलों तक पहुंचने वालों को सुविधा हो। सड़क चौड़ीकरण के बावजूद पेड़ों की जड़ों और चबूतरों के बने रहने से संभावित खतरे का मुद्दा भी उठाया गया। मंच ने सभी मांगों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की अपील की।

रिपोर्ट – इक़बाल खान, बांदा

यह भी पढ़ें: बदायूं में सुबह-सुबह भीषण हादसा, सवारियों से भरी पिकअप में मची चीख-पुकार

Related Articles

Back to top button