गोरखपुर में महिला दरोगा का साहस, टंकी पर फंसी लड़की को ऐसे बचाया
गोरखपुर में पानी की टंकी पर चढ़ी लड़की पाइप पकड़कर लटक गई। महिला उपनिरीक्षक जागृति खरवार ने साहस दिखाकर उसे सुरक्षित नीचे उतारा। पुलिस ने उन्हें सम्मानित किया।

गोरखपुर, 31 अगस्त: गोरखपुर के एम्स थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक लड़की पानी की टंकी पर चढ़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। लड़की को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन हालात तब बेहद गंभीर हो गए जब वह टंकी के पाइप को पकड़कर नीचे लटक गई। इसी दौरान महिला उपनिरीक्षक जागृति खरवार ने तत्परता दिखाते हुए उसका हाथ पकड़ लिया और पुलिस टीम की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को दोपहर करीब 1:30 बजे महादेव झारखंडी कॉलोनी में लड़की के पानी की टंकी पर चढ़े होने की सूचना मिली थी। महिला उपनिरीक्षक जागृति खरवार पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं।
पुलिसकर्मियों ने लड़की को बातचीत के जरिए समझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया। हालांकि, वह बार-बार नीचे कूद जाने की बात कह रही थी। इससे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की चिंता बढ़ गई।
पाइप पकड़कर लटकी लड़की, दरोगा ने थामा हाथ
स्थिति अचानक और संवेदनशील हो गई, जब लड़की पानी की टंकी के पाइप को पकड़कर नीचे लटक गई। पुलिस के मुताबिक, खतरे को देखते हुए महिला उपनिरीक्षक जागृति खरवार ने साहस और तत्परता का परिचय दिया।
वह लड़की के करीब पहुंचीं और उसका हाथ पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस टीम की सहायता से लड़की को सुरक्षित तरीके से नीचे उतार लिया गया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम की सूझबूझ और त्वरित प्रतिक्रिया से एक बड़ा हादसा टल गया।
साहस के लिए महिला दरोगा सम्मानित
लड़की को सुरक्षित बचाने में अहम भूमिका निभाने वाली महिला उपनिरीक्षक जागृति खरवार के साहसिक कार्य की पुलिस अधिकारियों ने सराहना की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर और पुलिस अधीक्षक नगर ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
पुलिस की ओर से की गई यह कार्रवाई बताती है कि ऐसे संवेदनशील मामलों में समय पर सूचना, मौके पर त्वरित पहुंच और संयमित हस्तक्षेप कितना महत्वपूर्ण हो सकता है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: सचिन कश्यप हत्याकांड पर सपा का बड़ा ऐलान, 7 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क पर उतरेगी पार्टी



