राहुल गांधी पर FIR से गरमाई सियासत, कांग्रेस बोली- दलितों की आवाज उठाना BJP-RSS को बर्दाश्त नहीं
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने BJP और RSS पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने दलितों के अपमान का मुद्दा उठाया था. लेकिन यह बात उत्तराखंड की डबल इंजन सरकार को बर्दाश्त नहीं हुई.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने BJP और RSS पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने दलितों के अपमान का मुद्दा उठाया था. लेकिन यह बात उत्तराखंड की डबल इंजन सरकार को बर्दाश्त नहीं हुई.
राहुल गांधी ने हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद हुए शुद्धिकरण अनुष्ठान के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर निशाना साधा था. तब से BJP और हिंदू संगठन लगातार राहुल गांधी पर हमला कर रहे हैं. इसी बीच, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने BJP और RSS पर तीखा हमला बोला है.
उन्होंने X पर एक पोस्ट के जरिए अपने विरोधियों पर कड़ा प्रहार किया. जयराम रमेश ने कहा कि BJP और RSS ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में उठाई गई बात यानी दलितों के साथ होने वाले अन्याय, अपमान और भेदभाव को सही साबित करने में 24 घंटे से भी कम समय लिया. इसका सबूत उत्तराखंड में राहुल गांधी के खिलाफ SC/ST एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जाना है.
शुद्धिकरण मामले में आरोपियों पर नहीं हुई कार्रवाई
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि राहुल गांधी ने उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद शुद्धिकरण के नाम पर किए गए छुआछूत और अपमान का मुद्दा उठाया और इसमें शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की मांग की थी. लेकिन यह बात भाजपा-RSS की उत्तराखंड की डबल इंजन सरकार को बर्दाश्त नहीं हुई.
इसीलिए आज तक आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, लेकिन न्याय की मांग कर रहे राहुल गांधी के खिलाफ अगले ही दिन FIR दर्ज हो गई.
न्याय से कम कुछ भी मंजूर नहीं
केंद्र और उत्तराखंड सरकार को घेरते हुए जयराम रमेश ने कहा कि यही वह सोच है, जिसके सामने बाबा साहब का संविधान सबसे बड़ी दीवार है. इसलिए संविधान उन्हें खटकता है, इसलिए वे उसे बदलना चाहते हैं.
लेकिन यह सब ध्यान भटकाने और आवाज दबाने की कोशिश है. जिन लोगों ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ शुद्धिकरण के नाम पर छुआछूत और अपमान किया, उन पर कार्रवाई होनी चाहिए. न्याय से कम कुछ भी मंजूर नहीं है.



