बरेली में भाजपा नेता हत्याकांड: फरार आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

बरेली में भाजपा नेता सचिन कश्यप हत्याकांड के दूसरे आरोपी बाबू उर्फ रोहित को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। आरोपी के पैर में गोली लगी और हथियार व चाकू बरामद होने का दावा है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली में भाजपा नेता सचिन कश्यप हत्याकांड में पुलिस को दूसरी बड़ी सफलता मिली है। सुभाषनगर के वंशीनगला में हुई हत्या के मामले में फरार चल रहे बाबू उर्फ रोहित को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस को देखते ही भागा, फायरिंग का आरोप

पुलिस के अनुसार सोमवार देर रात सूचना मिली थी कि हत्याकांड का वांछित आरोपी बाबू उर्फ रोहित श्मशान घाट मंदिर की तरफ से सराय तलफी रोड की ओर जा रहा है। सुभाषनगर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि पुलिस टीम को देखकर रोहित भागने लगा और चेतावनी के बावजूद पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।

पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा और जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया।

29 अगस्त की रात हुई थी सचिन कश्यप की हत्या

सचिन कश्यप की 29 अगस्त की रात चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी। उनकी पत्नी गुड़िया देवी की तहरीर पर बाबू उर्फ रोहित, अमित उर्फ भज्जी, रोहित की मां और आशीष मौर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। तहरीर में आरोप लगाया गया कि मारपीट के दौरान बाबू ने सचिन के सीने पर चाकू से वार किया, जिससे उनकी मौत हो गई। परिजनों को धमकी देने का आरोप भी लगाया गया था।

एक आरोपी जेल भेजा, तीसरे की तलाश जारी

पुलिस पहले ही आशीष मौर्य को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब बाबू की गिरफ्तारी के बाद नामजद आरोपी अमित उर्फ भज्जी की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस ने मुठभेड़ और हथियार बरामदगी के संबंध में अलग मुकदमा दर्ज करने की बात कही है।

रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: बदायूं में मामूली कहासुनी पर भिड़े दो लोग, जमकर चले लात-घूंसे; लोगों ने कराया शांत

Related Articles

Back to top button