कांग्रेस और TVK की दूरियां हुईं खत्म? महिला विधायक का बड़ा दावा

कांग्रेस विधायक दल की नेता थाराहाई कुथबर्ट ने दावा किया कि सीएम विजय ने राहुल गांधी को PM पद का उम्मीदवार स्वीकार किया है. इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस-TVK के बीच मतभेद को भी खारिज किया.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कांग्रेस विधायक दल की नेता थाराहाई कुथबर्ट ने दावा किया कि सीएम विजय ने राहुल गांधी को PM पद का उम्मीदवार स्वीकार किया है. इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस-TVK के बीच मतभेद को भी खारिज किया.

तमिलनाडु में कांग्रेस और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) गठबंधन सरकार के अभी महज कुछ ही महीने हुए हैं, लेकिन दोनों दलों के बीच तल्खी की खबरें सामने आने लगी हैं. वजह है 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री उम्मीदवार.

पीएम फेस को लेकर दोनों पार्टियों में खींचतान चल रही है. इस बीच तमिलनाडु विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता थाराहाई कुथबर्ट का बयान सामने आया है. उन्होंने दावा किया है कि CM विजय ने राहुल गांधी को PM फेस माना है.

तमिलनाडु में कांग्रेस और अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के बीच गठबंधन को लेकर चल रही अटकलों के बीच कांग्रेस ने बड़ा दावा किया है. कांग्रेस विधायक दल की नेता थाराहाई कुथबर्ट ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री विजय ने राहुल गांधी को INDIA ब्लॉक का प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार चुना है. इसके साथ ही उन्होंने गठबंधन में किसी तरह के मतभेद की खबरों को भी खारिज किया.

विजय को PM बनाने की मांग पर कांग्रेस का जवाब

मीडिया से बात करते हुए थाराहाई कुथबर्ट ने इंडिया टुडे के मूड ऑफ द नेशन सर्वे का हवाला दिया. इस सर्वे में विजय प्रधानमंत्री पद के लिए पसंदीदा नेताओं में तीसरे स्थान पर थे. इसके बाद TVK की तरफ से विजय को प्रधानमंत्री पद का चेहरा बनाने की मांग उठी.

दोनों दलों के बीच दरार की अटकलें

हालांकि ये बात कांग्रेस को रास नहीं आई. कांग्रेस ने धमकी दी कि अगर विजय राहुल गांधी को इंडिया ब्लॉक के प्रधानमंत्री पद के चेहरे के रूप में समर्थन नहीं देते हैं तो वह गठबंधन से अलग हो जाएगी. इसके बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया और दोनों दलों के बीच दरार पड़ने की अटकलें लगाई जाने लगी.

इधर थाराहाई कुथबर्ट ने कहा कि विजय को प्रधानमंत्री बनाने की चर्चाएं मुख्य रूप से TVK कार्यकर्ताओं के उत्साह का नतीजा हैं और इसे पार्टी नेतृत्व का आधिकारिक रुख नहीं माना जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विजय ने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में चुना है और वो इसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.

विजय और राहुल गांधी के बीच अच्छे संबंध

विजय और राहुल गांधी के बीच घनिष्ठ संबंध हैं. विजय की पार्टी TVK ने इस साल के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में शानदार शुरुआत करते हुए डीएमके और एआईएडीएमके के दशकों पुराने वर्चस्व को समाप्त कर दिया. विजय ने राहुल गांधी को चेन्नई में अपने शपथ ग्रहण समारोह में भी आमंत्रित किया, जहां उन्होंने सार्वजनिक रूप से उन्हें अपना भाई कहा था. राहुल गांधी भी TVK सरकार के प्रति अपना समर्थन जाहिर कर चुके हैं.

कांग्रेस ने खुद को बताया स्वतंत्र पार्टी

थाराहाई कुथबर्ट ने स्पष्ट किया कि तमिलनाडु में कांग्रेस अपने संगठन को स्वतंत्र रूप से मजबूत कर रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस TVK के अधीन या उसके सहायक दल के तौर पर काम नहीं कर रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक और स्वायत्त राजनीतिक दल है.

‘राहुल गांधी की लोकप्रियता से बीजेपी में डर’

उत्तराखंड के हल्द्वानी में शुद्धिकरण विवाद को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR पर भी थाराहाई कुथबर्ट ने अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने इसे बीजेपी की राजनीतिक घबराहट का संकेत बताया. उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी की जनता के बीच बढ़ती लोकप्रियता और 2029 में उनके प्रधानमंत्री बनने की आशंका से बीजेपी भयभीत है.

विधानसभा में सीट बदलने पर क्या बोलीं नेता

इसके साथ ही कांग्रेस विधायक दल की नेता ने विधानसभा में अपनी सीट बदले जाने को लेकर भी सफाई दी. उन्होंने कहा कि तमिलनाडु विधानसभा में उनकी बैठने की व्यवस्था में बदलाव एक नियमित प्रक्रिया थी और यह कांग्रेस के फ्लोर लीडर के रूप में उनकी नई भूमिका से जुड़ी थी, न कि किसी राजनीतिक कदम से.

थाराहाई कुथबर्ट को 13 अगस्त को तमिलनाडु विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया था. इसके बाद 31 अगस्त को उन्हें आगे की पंक्ति में सीट दी गई , जो आमतौर पर विपक्षी दलों के नेताओं को आवंटित की जाती है. थाराहाई कुथबर्ट कोलाचेल से विधायक हैं. पहले वो TVK विधायकों के लिए आवंटित जहग पर बैठती थीं. पार्टी की फ्लोर लीडर चुने जाने के बाद सोमवार को उनकी सीट बदलकर विपक्ष की पहली पंक्ति में कर दी गई, जिसके बाद कई तरह के कयास लगाए जाने लगे थे.

कांग्रेस नेता ने दी थी धमकी

यह कदम पर्यटन मंत्री एस राजेश कुमार के उस बयान के एक दिन बाद उठाया गया जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर TVK 2029 के लोकसभा चुनावों में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में समर्थन नहीं देती है तो कांग्रेस मंत्री राज्य कैबिनेट से इस्तीफा दे देंगे. कुमार ने ये टिप्पणियां शनिवार को कन्याकुमारी पश्चिम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में जॉर्ज रॉबिन्सन के पदभार ग्रहण समारोह में की थीं. उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी 2029 में भारत के प्रधानमंत्री बनेंगे.

ये टिप्पणियां तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को प्रधानमंत्री पद के संभावित दावेदार के रूप में पेश करने वाले TVK नेताओं के बयानों के संदर्भ में आई. TVK के पीडब्ल्यूडी मंत्री आधव अर्जुन ने पहले कहा था कि देश का सर्वोच्च संवैधानिक पद तमिलनाडु के किसी नेता के पास होना चाहिए.

कैसे शुरू हुआ विवाद

ये पूरा विवाद 27 अगस्त को इंडिया टुडे ने अपना MOTN (मूड ऑफ द नेशन) सर्वे की रिपोर्ट जारी होने के बाद सामने आया. इस सर्वे के पीएम नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद की रेस में पहली पसंद बताया गया. सर्वे में 48.7% लोगों ने उन्हें अपनी पहली पसंद बताया. वहीं, राहुल गांधी 27.1% के साथ दूसरे नंबर पर रहे, जबकि 9.2% लोगों ने विजय को पीएम पद के लिए अपनी पहली पसंद बताया था.

Related Articles

Back to top button