गोरखपुर में मानसिक पुनर्वास केंद्र से चार युवक लापता, पुलिस ने पूरे शहर में बढ़ाई तलाश
गोरखपुर के राजघाट स्थित सरकारी मानसिक पुनर्वास केंद्र से चार युवक मंगलवार सुबह लापता हो गए। पुलिस CCTV फुटेज खंगालने के साथ रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर तलाश कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के राजघाट क्षेत्र स्थित सरकारी मानसिक पुनर्वास केंद्र से मंगलवार सुबह चार युवक अचानक लापता हो गए। चारों को मानसिक रूप से कमजोर बताया गया है। काफी देर तक तलाश के बाद भी जब उनका पता नहीं चला तो केंद्र के वार्डन ने पुलिस को सूचना दी। राजघाट पुलिस ने जांच शुरू कर शहर के प्रमुख स्थानों पर तलाश तेज कर दी है।
सुबह केंद्र से निकले, फिर नहीं लौटे
वार्डन के अनुसार चारों युवक सुबह करीब 9:30 से 10 बजे के बीच केंद्र से बाहर निकले थे। इसके बाद वे वापस नहीं आए। कर्मचारियों ने केंद्र के आसपास और संभावित स्थानों पर उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
इसके बाद दोपहर में राजघाट थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने चारों युवकों की पहचान और हुलिए के आधार पर तलाश शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस ने पुनर्वास केंद्र और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। फुटेज के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चारों युवक किस दिशा में गए और इसके बाद उनका संभावित मार्ग क्या रहा।
पुलिस आसपास के इलाकों में भी पूछताछ और जांच कर रही है, ताकि युवकों के बारे में जल्द कोई सुराग मिल सके।
रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर भी अलर्ट
चारों युवकों की तलाश के लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर चेकिंग बढ़ाई गई है। रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर भी युवकों की जानकारी और हुलिया भेजा गया है। आसपास के थानों को भी सूचना देकर सहयोग मांगा गया है।
एसपी सिटी निमिष पाटिल के मुताबिक युवकों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं। CCTV फुटेज की जांच के साथ शहर में चेकिंग कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि युवकों को जल्द तलाशने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: सीतापुर में सर्राफा व्यापारी लूट का बड़ा खुलासा, 7 बदमाश गिरफ्तार; जेवरात बरामद



