आधी रात तक गूंजता रहा ‘नंद के घर आनंद भयो’, गोरखपुर में कान्हा के जन्म पर झूमे श्रद्धालु

गोरखपुर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर मंदिरों से घरों तक भक्ति की धूम रही। राधा-कृष्ण की झांकियों और भजन-कीर्तन पर श्रद्धालु झूमे, जबकि बच्चों ने मनोहारी प्रस्तुतियां दीं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में शुक्रवार की रात जैसे-जैसे श्रीकृष्ण जन्म का समय करीब आया, शहर का माहौल भक्ति और उल्लास से भरता गया। मंदिरों से लेकर पुलिस लाइन, आरपीएफ ट्रेनिंग सेंटर और घरों तक कान्हा के जन्मोत्सव की धूम रही। कहीं भजन-कीर्तन पर श्रद्धालु झूमते दिखे तो कहीं बाल कलाकारों ने राधा-कृष्ण की लीलाओं से ब्रज की तस्वीर जीवंत कर दी।

मंदिरों से घरों तक कान्हा की धूम

गोरखनाथ मंदिर, गीता वाटिका, रिजर्व पुलिस लाइन, आरपीएफ ट्रेनिंग सेंटर, गोपाल मंदिर और जलकल परिसर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के विशेष आयोजन हुए। सजे मंदिर परिसरों में राधा-कृष्ण की मनोहारी लीलाओं की प्रस्तुतियां हुईं।

बाल कलाकार कृष्ण, राधा और गोपियों के रूप में नजर आए। जयघोष और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। आधी रात को भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की प्रतीक्षा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

घर-घर सजीं झांकियां, बच्चों में दिखा उत्साह

जन्माष्टमी का उल्लास मंदिरों तक सीमित नहीं रहा। शहर के अलग-अलग मोहल्लों में लोगों ने घरों में आकर्षक झांकियां सजाईं। कहीं बाल गोपाल के जन्म का दृश्य दिखा तो कहीं माखन चोरी और राधा-कृष्ण की लीलाओं को सजावट के जरिए प्रस्तुत किया गया।

बच्चों में खास उत्साह देखने को मिला। कई परिवारों ने अपने नन्हे-मुन्नों को कृष्ण, राधा और गोपियों के रूप में सजाया।

राधा के रूप में देविशा ने मोहा मन

बेतियाहाता निवासी प्रीति चोखानी की बेटी देविशा चोखानी ने राधा का वेश धारण कर मनोहारी प्रस्तुति दी। उसकी मासूम अदाओं और भक्ति से भरी प्रस्तुति ने लोगों का ध्यान खींचा। मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर उसका उत्साह बढ़ाया।

गोरखपुर में जन्मोत्सव के दौरान भक्ति के साथ भारतीय संस्कृति और परंपरा की झलक भी दिखाई दी। श्रद्धालुओं के लिए यह केवल उत्सव नहीं, बल्कि प्रेम, करुणा और सत्य के संदेश से जुड़ा पर्व रहा।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: उन्नाव में भाई-बहन की बाइक को ऑटो ने मारी टक्कर, बहन की दर्दनाक मौत; भाई घायल

Related Articles

Back to top button