खजनी में चाकूबाजी से सनसनी, नशे में विवाद के बाद युवक की हत्या
पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के कोटही माता मंदिर के पास शनिवार देर रात प्रदर्शनी बंद होने के बाद कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया।
नशे में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान एक कर्मचारी ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान बीआरडी मेडिकल कालेज में मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पांच सितंबर की रात करीब 11:30 बजे प्रदर्शनी बंद होने के बाद कर्मचारी आपस में बैठकर खाना-पीना कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। नशे की हालत में विवाद बढ़ने पर मारपीट होने लगी। इसी दौरान गंगादरवाजा, कायमगंज, फर्रुखाबाद निवासी शिवम कौशल ने एक कर्मचारी पर चाकू से हमला कर दिया।
चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल सिटी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बीआरडी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। तहरीर के आधार पर खजनी थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपित शिवम कौशल को गिरफ्तार कर लिया।
उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया है। सीओ खजनी दीपांशी राठौर ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर



