तमिलनाडु की सियासत में बड़ा उलटफेर, TVK गठबंधन का नाम हुआ तय
उपचुनाव से पहले मुख्यमंत्री विजय ने बड़ा दांव खेला है. यह गठबंधन आगामी उपचुनाव में पहली बार चुनाव लड़ेगा.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: तमिलनाडु में TVK के नेतृत्व वाले गठबंधन को नया नाम दिया गया है. उपचुनाव से पहले मुख्यमंत्री विजय ने बड़ा दांव खेला है. यह गठबंधन आगामी उपचुनाव में पहली बार चुनाव लड़ेगा.
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने आज बताया कि उनके दल तमिलगा वेट्री कजगम (TVK) के नेतृत्व वाले सत्ताधारी गठबंधन का नया नाम ‘धर्मनिरपेक्ष सामाजिक न्याय विजय गठबंधन’ रखा गया है. यह नाम पार्टी के धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को दिखाता है. इस गठबंधन में टीवीके और कांग्रेस के अलावा एमडीएमके, आईयूएमएल और वीसीके भी शामिल हैं.
इस गठबंधन की अगुवाई TVK करेगा. यह गठबंधन आने वाले उपचुनाव में पहली बार चुनाव लड़ेगा. वीसीके नेता एसएस बालाजी ने कहा कि गठबंधन का यह नाम मुख्यमंत्री का अपना विचार था. उन्होंने बताया कि इस नाम से सबको साफ हो जाएगा कि गठबंधन भाजपा और फासीवादी ताकतों का विरोध करता है. लोग कहते रहे हैं कि टीवीके भाजपा के प्रति नरम है, लेकिन अब सबको स्थिति साफ हो जाएगी.
TVK-कांग्रेस के बीच मतभेद नहीं- मणिकम
वहीं, तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मणिकम टैगोर ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि तमिलनाडु में TVK और कांग्रेस के बीच कोई मतभेद नहीं है और तमिलनाडु उचित समय पर गठबंधन के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार का समर्थन करेगा.
हाल ही में ‘विजय को प्रधानमंत्री बनाओ’ की बढ़ती मांग को लेकर कांग्रेस असहज हो गई थी. कांग्रेस के मंत्री राजेश कुमार ने साफ कहा था कि इस तरह के अभियान से तमिलनाडु सरकार में कांग्रेस मंत्रियों का बने रहना असंभव हो जाएगा.
उपचुनाव के उम्मीदवारों की आज घोषणा
वहीं, जब बालाजी से पूछा गया कि क्या टीवीके विपक्षी गठबंधन इंडिया में शामिल होगी, तो उन्होंने कहा कि ऐसा तभी होगा जब टीवीके के पास संसद सदस्य होंगे. फिलहाल टीवीके के पास कोई सांसद नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन का नाम सर्वसम्मति से रखा गया है और यह धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों पर आधारित होगा. उपचुनाव के उम्मीदवारों की घोषणा गुरुवार को की जाएगी.



