4PM न्यूज़ का असर: बिजली विभाग में हड़कंप, 20 हजार के आरोप के बाद 15 हजार लौटाए
गोरखपुर में बिजली बिल कम कराने के नाम पर 20 हजार रुपये लेने के आरोप के बाद 15 हजार रुपये लौटाए गए। चीफ इंजीनियर ने सीनियर क्लर्क के खिलाफ विभागीय जांच बैठाई है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में बिजली बिल कम कराने के नाम पर रकम लेने के आरोप वाली 4PM न्यूज़ की खबर के बाद बिजली विभाग में हलचल तेज हो गई है। चौरीचौरा विद्युत सब स्टेशन के सीनियर क्लर्क संतोष विश्वकर्मा पर लगे आरोपों के बीच कथित तौर पर लिए गए 20 हजार रुपये में से 15 हजार रुपये उपभोक्ता को वापस किए गए हैं। वहीं, चीफ इंजीनियर पंकज अग्रवाल ने मामले में विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं।
60 हजार से 13 हजार का बिल, उठे सवाल
ब्रह्मपुर गांव निवासी डॉ. सज्जन कुमार ने शिकायत में बताया था कि पुराने मीटर का डिस्प्ले खराब होने के बाद नया मीटर लगाया गया। पुराने और नए मीटर की रीडिंग के आधार पर उनका बिल 60 हजार रुपये से अधिक आया।
आरोप है कि बिल कम कराने के नाम पर सीनियर क्लर्क ने उनसे 20 हजार रुपये लिए। इसके बाद करीब 13 हजार रुपये का बिल तैयार हुआ। इसी अंतर ने पूरे मामले को सवालों के घेरे में ला दिया।

20 हजार में 15 हजार वापस, अब जांच
मामला 4PM न्यूज़ में प्रमुखता से सामने आने के बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई हुई। चीफ इंजीनियर ने जांच बैठाते हुए यह पता लगाने के निर्देश दिए हैं कि उपभोक्ता से रकम लेने का आरोप कितना सही है और बिल में इतनी बड़ी कमी किस आधार पर हुई।
इसी बीच सीनियर क्लर्क द्वारा 15 हजार रुपये वापस किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि रकम लौटना अपने आप में आरोपों का अंतिम जवाब नहीं है। शेष 5 हजार रुपये और पूरी लेनदेन प्रक्रिया भी जांच के दायरे में है।
डेढ़ महीने तक कार्यालयों के चक्कर का दावा
डॉ. सज्जन कुमार का कहना है कि बिल की समस्या के समाधान के लिए उन्हें करीब डेढ़ महीने तक विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़े। उन्होंने अन्य उपभोक्ताओं से भी ऐसी शिकायतें मिलने का दावा किया था।
अब विभागीय जांच में ही स्पष्ट होगा कि 60 हजार से अधिक के कथित बिल को करीब 13 हजार रुपये कैसे किया गया और 20 हजार रुपये लेने के आरोप की वास्तविकता क्या है। जांच के निष्कर्ष से ही पूरे प्रकरण की जिम्मेदारी तय होगी।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: किताबें छोड़ बच्चों के हाथ में थमा दी बोरी-झाड़ू? मिर्जापुर के स्कूल का VIDEO वायरल, मचा हड़कंप



