बिना GST पंजीयन चल रही थी फैक्ट्री! कानपुर में 15 अफसरों ने 10 घंटे तक खंगाला पूरा परिसर

कानपुर के गुजैनी में बिना GST पंजीयन चल रही पान-मसाला फैक्ट्री पर राज्य कर विभाग ने छापा मारा। 10 घंटे की कार्रवाई में तंबाकू, पान-मसाला और पैकिंग स्टॉक मिला।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर में पान-मसाला और तंबाकू के कारोबार को लेकर राज्य कर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गुजैनी क्षेत्र में बिना GST पंजीयन के संचालित हो रही एक फैक्ट्री पर विभाग की टीम ने छापेमारी की। करीब 10 घंटे चली कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को बड़ी मात्रा में पान-मसाला, तंबाकू और पैकिंग से जुड़ा सामान मिला। मौके पर सीलिंग मशीनें भी बरामद की गईं।

15 अधिकारियों की टीम ने 10 घंटे तक खंगाला परिसर

राज्य कर विभाग की कार्रवाई एडिशनल कमिश्नर सान्या छाबड़ा के नेतृत्व में की गई। करीब 15 अधिकारियों की टीम ने फैक्ट्री परिसर में लगभग 10 घंटे तक जांच की। विभाग की टीम ने वहां मौजूद स्टॉक और उत्पादन से जुड़े सामान की पड़ताल की।

जांच के दौरान तीन सिंगल लाइन और एक पैकेट सीलिंग मशीन मौके पर मिली। अधिकारियों ने फैक्ट्री में रखे सामान और कारोबार से जुड़े दस्तावेजों की भी जानकारी जुटाई।

1358 पैकेट तंबाकू समेत भारी स्टॉक बरामद

विभाग के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान 1358 पैकेट सिल्वर सेंटेड तंबाकू के साथ राजश्री और केसर समेत पान-मसाला बरामद हुआ। इसके अलावा बड़ी मात्रा में सुपारी, तंबाकू और पैकिंग रोल भी मौके पर मिले।

विभाग की प्रारंभिक कार्रवाई में फैक्ट्री के बिना GST पंजीयन संचालित होने की बात सामने आई है। फैक्ट्री किराए के परिसर में चल रही थी और अधिकारियों के अनुसार मौके पर किरायानामा भी नहीं मिला।

केंद्रीय GST को भी दी गई सूचना

राज्य कर विभाग ने कार्रवाई की जानकारी केंद्रीय GST विभाग को भी दी है। अधिकारियों के मुताबिक मामले में आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि टैक्स चोरी या बिना पंजीयन कारोबार से जुड़े मामलों में कार्रवाई आगे भी जारी रखी जाएगी। बरामद स्टॉक और दस्तावेजों की जांच के बाद मामले में आगे की स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: सीतापुर: नारेबाजी करते थाने पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ता, आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर बढ़ा दबाव

Related Articles

Back to top button