स्कूल बस में चढ़ रहा था 7 साल का मासूम, अचानक पहिए के नीचे आया और मच गई चीख-पुकार

गोरखपुर के पिपराइच में स्कूल बस की चपेट में आने से 7 वर्षीय छात्र हिमांशु की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने हंगामा किया और परिवार के लिए मुआवजे व नौकरी की मांग की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया। नईयापार बुजुर्ग में स्कूल बस की चपेट में आने से सात वर्षीय छात्र हिमांशु की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और देखते ही देखते आक्रोश बढ़ गया।

बस में चढ़ते समय पहिए के नीचे आया मासूम

मृतक की पहचान हरिकेश निषाद के बेटे हिमांशु के रूप में हुई है। वह चौरी स्थित एसडी पब्लिक स्कूल में पढ़ता था। बताया जा रहा है कि शनिवार को स्कूल बस में चढ़ते समय हिमांशु अचानक बस के पहिए के नीचे आ गया। गंभीर हादसे में उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी मातम पसर गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

शिक्षिका पर अभद्रता का आरोप, ग्रामीणों का हंगामा

परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हादसे के समय बस में मौजूद शिक्षिका ने पीड़ित परिवार के साथ अभद्र व्यवहार किया और धमकाने का प्रयास किया। इन आरोपों के बाद ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया। लोगों ने स्कूल बस को घेरकर हंगामा शुरू कर दिया।

सूचना पर एसडीएम सदर और सीओ चौरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

आर्थिक मदद और नौकरी की मांग

ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने के साथ परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग उठाई है। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल है। ग्रामीण हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर 

यह भी पढ़ें: थाने के पास ही चोरों का बड़ा कारनामा, 20 हजार कैश समेत लाखों के जेवर गायब

Related Articles

Back to top button