Gorakhpur: ऊंची इमारत में रेस्क्यू ऑपरेशन का पूर्वाभ्यास, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म से सुरक्षित निकाले गए लोग
जिलाधिकारी दीपक मीणा के निर्देश पर 18 सितंबर को प्रस्तावित मॉक ड्रिल की तैयारियों के तहत रविवार को पाम पैराडाइज में पूर्वाभ्यास किया गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: जिलाधिकारी दीपक मीणा के निर्देश पर 18 सितंबर को प्रस्तावित मॉक ड्रिल की तैयारियों के तहत रविवार को पाम पैराडाइज में पूर्वाभ्यास किया गया। अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) एवं प्रभारी अधिकारी आपदा के नेतृत्व में आयोजित अभ्यास में अग्निशमन विभाग, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और आपदा मित्रों की टीम ने हिस्सा लिया।
फायर स्टेशन ऑफिसर गोलघर शांतनु कुमार यादव के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग की टीम ने 32 मीटर हाइड्रोलिक प्लेटफार्म व्हीकल के माध्यम से ऊंची इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का संजीव प्रदर्शन किया। अभ्यास के दौरान अमित कुमार सिंह, पूजा जायसवाल और शुभ्रता सिंह को हाइड्रोलिक प्लेटफार्म के जरिए सुरक्षित नीचे उतारा गया। इस दौरान मौजूद लोगों को अग्निशमन यंत्र के सही संचालन की जानकारी भी दी गई।
एनडीआरएफ ने बताए आपदा से बचाव के तरीके
11वीं वाहिनी एनडीआरएफ की टीम ने पाम पैराडाइज में सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को विभिन्न आपदाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी। टीम ने लोगों को बताया कि आपदा के समय क्या करें और क्या न करें। साथ ही ऊंची इमारत से लोगों को रस्सी (रोप) रेस्क्यू के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकालने के लिए स्थल का चयन कर आवश्यक तैयारियां पूरी की गईं। प्रशिक्षण के दौरान इंस्पेक्टर धीरेंद्र एवं सुधीर के नेतृत्व में एनडीआरएफ टीम, फायर स्टेशन ऑफिसर शांतनु कुमार यादव के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग की टीम, स्वास्थ्य विभाग से अमित श्रीवास्तव, जिला आपदा विशेषज्ञ गौतम गुप्ता समेत आपदा मित्र मौजूद रहे।
18 सितंबर को होगा मॉक ड्रिल
अधिकारियों के अनुसार 18 सितंबर को पाम पैराडाइज में प्रस्तावित मॉक ड्रिल के दौरान आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, रेस्क्यू और राहत-बचाव कार्यों की तैयारियों को परखा जाएगा। रविवार को हुए पूर्वाभ्यास का उद्देश्य मॉक ड्रिल को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के साथ ही आपदा के समय त्वरित बचाव कार्य के लिए टीमों को तैयार करना रहा।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर



