ओवैसी के भोपाल दौरे पर असमंजस, क्या 15 सितंबर को नहीं जा पाएंगे?
असदुद्दीन ओवैसी के भोपाल कार्यक्रम पर मुस्लिम त्योहार कमेटी ने विरोध जताया है. कमेटी ने कानून-व्यवस्था बिगड़ने और धार्मिक भावनाएं आहत होने की आशंका जताते हुए प्रशासन से अनुमति रद्द करने की मांग की है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: असदुद्दीन ओवैसी के भोपाल कार्यक्रम पर मुस्लिम त्योहार कमेटी ने विरोध जताया है. कमेटी ने कानून-व्यवस्था बिगड़ने और धार्मिक भावनाएं आहत होने की आशंका जताते हुए प्रशासन से अनुमति रद्द करने की मांग की है.
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख और हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी की मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित सेंट्रल लाइब्रेरी परिसर में एक कार्यक्रम प्रस्तावित है. हालांकि इस कार्यक्रम को लेकर विरोध के स्वर उठ रहे हैं. ये विरोध कोई और नहीं बल्कि एक मुस्लिम संगठन कर रहा है. मध्य प्रदेश मुस्लिम त्योहार कमेटी ने कार्यक्रम के विरोध में मोर्चा खोल दिया है. ऐसे में ओवैसी के कार्यक्रम को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं.
जानकारी के मुताबिक सांसद असदुद्दीन ओवैसी का 15 सितंबर को भोपाल में एक बड़ा कार्यक्रम है, लेकिन मुस्लिम त्योहार कमेटी ने इस कार्यक्रम की अनुमति रद्द करने की मांग की है.कमेटी की ओर से गृह मंत्री, कलेक्टर और पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया है. कमेटी ने कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द का हवाला देते हुए प्रशासन से कार्यक्रम की अनुमति पर पुनर्विचार करने की मांग की है.
धार्मिक भावनाएं आहत होने की आशंका
मध्य प्रदेश मुस्लिम त्योहार कमेटी का कहना है कि ओवैसी के पूर्व के सार्वजनिक भाषणों और बयानों को लेकर विवाद की स्थितियां सामने आती रही हैं. उनका कहना है कि मौजूदा समय में गणेश उत्सव का माहौल है और ऐसे में अगर कार्यक्रम के दौरान कोई ऐसा बयान दिया जाता है, जिसे किसी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला माना जाए, तो इससे शहर के शांतिपूर्ण माहौल पर असर पड़ सकता है. कमेटी ने भोपाल की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द का हवाला देते हुए कार्यक्रम को रद्द करने की मांग की है.
टी. राजा सिंह के कार्यक्रम का दिया उदाहरण
मुस्लिम त्योहार कमेटी ने प्रशासन के सामने विधायक टी. राजा सिंह के कार्यक्रम का भी उदाहरण रखा है. कमेटी का तर्क है कि अगर टी. राजा सिंह के कार्यक्रम को कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के चलते अनुमति नहीं दी गई थी, तो इसी आधार पर ओवैसी के कार्यक्रम की अनुमति पर भी पुनर्विचार किया जाना चाहिए, ताकि माहौल खराब न हो.
कमेटी की प्रशासन से दो टूक मांग
मुस्लिम त्योहार कमेटी ने प्रशासन से कहा है कि शहर की शांति और कानून-व्यवस्था को देखते हुए कार्यक्रम की अनुमति रद्द की जाए. हालांकि, यदि कार्यक्रम की अनुमति दी जाती है तो कमेटी ने मांग की है कि भाषण और वक्तव्यों पर लागू कानूनों का सख्ती से पालन कराया जाए और किसी भी आपत्तिजनक या भड़काऊ बयान की स्थिति में तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए. इस विरोध के बाद 15 सितंबर को प्रस्तावित ओवैसी के भोपाल दौरे को लेकर सियासी और प्रशासनिक हलचल बढ़ गई है. अब निगाहें प्रशासन के अगले कदम पर हैं कि कार्यक्रम की अनुमति बरकरार रहती है या मुस्लिम त्योहार कमेटी की मांग पर कोई फैसला लिया जाता है.
सेंट्रल लाइब्रेरी में प्रस्तावित है कार्यक्रम
रिपोर्ट के मुताबिक ओवैसी का कार्यक्रम भोपाल के सेंट्रल लाइब्रेरी परिसर में प्रस्तावित है. ओवैसी के मध्य प्रदेश दौरे के दौरान भोपाल में एक बड़ी सभा भी प्रस्तावित बताई गई है. रिपोर्टों के अनुसार AIMIM की ओर से UCC और प्रदेश में मुस्लिम समुदाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर चलाए जा रहे अभियान के समापन के तौर पर भी इस कार्यक्रम को देखा जा रहा है.



