12 साल के प्रियांशु की दर्दनाक मौत, ट्रक ने बाबा के साथ साइकिल सवार छात्र को कुचला
मिर्जापुर के लालगंज में वाराणसी-रीवा हाईवे पर बेकाबू ट्रक ने साइकिल सवार 12 वर्षीय छात्र और 55 वर्षीय व्यक्ति को कुचल दिया। दोनों की मौत के बाद ग्रामीणों ने हाईवे जाम किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मिर्जापुर के लालगंज थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। बामी गांव के पास वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय मार्ग पर बेकाबू ट्रक ने साइकिल सवार 12 वर्षीय छात्र प्रियांशु और 55 वर्षीय शिवनाथ को कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया।
पेट्रोल पंप के पास ट्रक ने दोनों को कुचला
जानकारी के अनुसार, प्रियांशु और शिवनाथ सुबह साइकिल से तुलसी नाला की तरफ शौच के लिए गए थे। लौटते समय वे बामी गांव में इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास पहुंचे। इसी दौरान एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क की पटरी पर चढ़ गया और दोनों को कुचलते हुए आगे निकल गया।
पेट्रोल पंप कर्मचारियों के शोर मचाने पर चालक करीब 200 मीटर आगे कर्बला के सामने ट्रक खड़ा कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
गुस्साए ग्रामीणों ने एक घंटे तक किया चक्का जाम
पुलिस शवों को कब्जे में लेने पहुंची तो ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। लोगों ने वाराणसी-रीवा हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर लालगंज एसडीएम अजीत कुमार, सीओ अमर बहादुर, तहसीलदार विशाल शर्मा और इंस्पेक्टर वेद प्रकाश पांडेय मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात बहाल हो सका।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम
परिजनों के मुताबिक, प्रियांशु अपने पिता बालमुकुंद का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। वह अपने रिश्ते में लगने वाले बाबा शिवनाथ के साथ साइकिल से निकला था। वहीं शिवनाथ की दो बेटियां रेखा और करिश्मा हैं।
प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि ट्रक की चपेट में आने से एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर
यह भी पढ़ें: गोरखपुर में जुटे देशभर के कंपनी सचिव, AI और नए कॉर्पोरेट कानूनों पर हुआ बड़ा मंथन



